दुर्ग

इंस्टा फ्रेंड से मिलने भिलाई पहुंचा फ्रांसिसी युवक तालाब किनारे बेहोश मिला
07-Oct-2024 8:39 PM
इंस्टा फ्रेंड से मिलने भिलाई पहुंचा फ्रांसिसी युवक तालाब किनारे बेहोश मिला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 7 अक्टूबर।  इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के चलते फ्रांस का एक नागरिक अपनी महिला मित्र से मिलने नेहरु नगर भिलाई में आ धमका है। थाने में बिना सूचना दिए वह 20 दिनों से एक होटल में ठहरा भी था और 3 अक्टूबर को वह सुपेला भेलवा तालाब में बेहोश मिला।

 मॉर्निग वॉक कर रहे  लोगों ने विदेशी व्यक्ति के अचेत पड़े होने की सूचना डायल 112 को दी। पुलिस ने उसे  चंद्राकर अस्पताल में भर्ती कराया।

सुपेला थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि फ्रांस का नागरिक जिसका नाम जॉन है, भिलाई में घूमने आया था और मॉर्निंग वॉक करते भेलवा तालाब पहुंचा, वहां वर्कआउट अधिक करने से उसके शरीर में दर्द उठा तो उसने दवा का ओवर डोज ले लिया, जिससे वहीं गिर गया और बेहोश हो गया था।

जॉन की इंस्टाग्राम पर नेहरु नगर में रहने वाली एक महिला से दोस्ती हुई। वहां से उससे मिलने के लिए वह टूरिस्ट वीजा पर भारत पहुंचा और लेह-लद्दाख घुमते हुए 17- 18 सितम्बर को वह भिलाई नेहरू नगर आया और लिव स्टॉर होटल में ठहरा था। भिलाई घूमते समय उसकी मुलाकात एक 16 साल के लडक़े से हुई जिससे उसने किराए के रुम के बारे में जानकारी ली, जहां से जॉन स्मृति नगर क्षेत्र में पीजी के रूप में रह रहा है।

सीएसपी भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि जब उसकी जांच की गई तो उसने सी फार्म नहीं भरा था। पुलिस और आईबी के अधिकारी उससे पूछताछ कर चुके हैं।


अन्य पोस्ट