दुर्ग
दुर्ग, 7 अक्टूबर। शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय दुर्ग में भूगर्भशास्त्र विभाग में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत शिक्षण में नवाचार का प्रयोग भूगर्भशास्त्र विभाग द्वारा किया गया। यह जानकारी देते हुए भूगर्भशास्त्र के विभागाध्यक्ष, डॉ. एस. डी. देशमुख ने बताया कि भूगर्भशास्त्र विभाग में एमएससी प्रथम सेमेस्टर एवं एमएससी तृतीय सेमेस्टर के सभी नियमित विद्यार्थियों को भूगर्भशास्त्र की विभिन्न शाखाओं एवं महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराने हेतु विभाग के सहायक प्राध्यापक, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव के नेतृत्व में जियो अंताक्षरी का आयोजन किया गया।
इसके अंतर्गत अंताक्षरी की तरह प्रत्येक शब्द के अंतिम अक्षर पर आधारित भूगर्भशास्त्र से जुड़े किसी बिन्दु का उल्लेख करना था। अपने आप में अनूठे इस प्रकार के आयोजन से विद्यार्थियों में जहां भूगर्भशास्त्र के प्रति नई उर्जा का संचार हुआ। वहीं लगभग डेढ़ घंटे तक चली इस जियो अंताक्षरी में विजयी होने के लिए सभी प्रतिभागियों ने अपन ेबौद्धिक कौशल का भरपूर प्रदर्शन किया।
डॉ. देशमुख के अनुसार डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने इस जियो अंताक्षरी में विद्यार्थियों को खनिज, चट्टान, जीवाश्म, क्रिस्टल, भूमिगत जल, भू-आकृति, भू-संरचनाएं आदि की रोचक जानकारी भी दी। विद्यार्थियों ने जियो अंताक्षरी के आयोजन को उनके लिए ज्ञानवर्धक बताया तथा कहा कि इस प्रकार के नवाचार से विद्यार्थी सीधे लाभान्वित होते हैं। इस अंताक्षरी के आयोजन में भूगर्भशास्त्र विभाग के डॉ. विकास स्वर्णकार, डॉ. इन्द्रजीत साकेत तथा प्रयोगशाला तकनीशियन, दिनेश मिश्रा का सक्रिय योगदान रहा।