दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 अक्टूबर। जिले के शिवनाथ एवं आमनेर नदी में लगभग महीने भर पहले आई बाढ़ से जिले में आठ सौ हेक्टेयर से अधिक की फसल व लगभग तीन सौ मकानों को क्षति पहुंची थी मगर बाढ़ प्रभावितों को महीने भर बाद भी मुआवजा राशि नहीं मिली है। बाढ़ से हुई क्षति के प्रकरणों का अता पता ही नहीं है। आरबीसी 6/4 के तहत क्षतिपूर्ति के लिए जिले में कितने प्रभावितों का प्रकरण तैयार हो चुके इसके वास्तविक आंकड़े अब तक नहीं बताए जा रहे हैं, इससे प्रभावित भी असमंजस में है।
जानकारी के मुताबिक बाढ़ की पानी से लगभग दर्जन भर गांव टापू में तब्दील हो गए थे। इससे इन ग्रामों में फसल दो दिनों तक पूरी तरह पानी में डूबी रही। इसके अलावा नदी तट के और बहुत सारे गांव में फसलों को नुकसान पहुंचा था। वहीं इन ग्रामों में सैकड़ों लोगों के कच्चे मकान धाराशायी हो गए थे। 801.5 हेक्टेयर की धान, अरहर, सोयबीन, उड़द एवं मूंग फसल को क्षति पहुंची थी। इसके अलावा सैकड़ों एकड़ में लगी बैगन, बरबट्टी, कुंदरु, गोभी, करेला, केला, मिर्च, टमाटर, परवल, गलका, लौकी आदि सब्जियों आदि की फसल चौपट हो गई थी। प्रभावित लोग क्षतिपूर्ति के रूप में मुआवजा की राहत का इंतजार कर रहे हैं। किसान संगठनों व पंचायत प्रतिनिधियों ने आरबीसी 6/4 के तहत प्रकरण तैयार कर जल्द मुआवजा राशि देने गुहार भी लगाई थी।
जानकारी के अनुसार भोथली, चंगोरी, झेंझरी, महमरा, रूदा, खांड़ा, झोला, सुखरीकला, शिवकोकड़ी, घसरा, तुमाखुर्द, सहगांव सहित कई गांवों में मकानों को क्षति पहुंची थी। ग्राम तुमाखुर्द निवासी चोवाराम पटेल का कहना है कि बाढ़ की वजह से गांव के अनेक लोगों के कच्चे मकानों को क्षति पहुंची है मगर अब तक राजस्व विभाग द्वारा इसके लिए आरबीसी 6/4 के तहत मुआवजा प्रकरणों का अता पता नहीं है। सामने दीपावली का त्यौहार है जिनके मकान टूटे हैं ऐसे गरीब परिवार मुआवजा राशि मिलने पर इसकी मरम्मत करने की आस लगाए थे। मुआवजा में विलंब से दीपावली के पहले ऐसे में वे कैसे अपने मकानों का मरम्मत करा पाएंगे क्योंकि बाढ़ से हुए नुकसान की वजह से वे पहले से परेशान हैं।