दुर्ग

जिपं सामान्य सभा में गरमाया 118 पेड़ कटाई का मामला
01-Oct-2024 4:44 PM
जिपं सामान्य सभा में गरमाया 118 पेड़ कटाई का मामला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 1 अक्टूबर। सडक़ निर्माण के दौरान धमधा क्षेत्र में बड़ी संख्या में पेड़ कट गए लेकिन ये पेड़ किसने काटा वन व लोक निर्माण दोनों विभागों के अधिकारियों को इसकी जानकारी ही नहीं है। इसी तरह ग्राम झेंझरी में 118 पेड़ों की कटाई के मामले में नामजद शिकायत के बाद भी  अज्ञात आरोपी के नाम पंचनामा बनाए जाने पर जांच को लेकर सवाल उठाया गया। जिला पंचायत की आयोजित सामान्य सभा में यह मुद्दा गर्माया रहा।

सदस्य चंद्रकला मनहर ने कहा कि उनके क्षेत्र में हरदी-माटरा बिरोदा सडक़ निर्माण के दौरान मार्ग किनारे के पेड़ बड़ी संख्या में काटे गए हैं। उन्होंने पूछा कि इन पेड़ों लकडिय़ां कहां रखी गई है। इस पर लोक निर्माण विभाग के ईई ने कहा कि उन्होंने पेड़ नहीं काटे न ही वन विभाग को इस संबंध में पैसा दिया है। इस पर मनहर ने सवाल उठाया कि आखिर सडक़ किनारे के इतने सारे पेड़ किसने काटे इस पर अधिकारी निरुत्तरित हो गए।

इसी प्रकार जनपद अध्यक्ष देवेन्द्र देशमुख ने कहा कि झेंझरी में पेड़ों की अवैध कटाई को लेकर की गई नामजद शिकायत पर वन महकमा के अधिकारी ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा कटाई किए जाने का पंचनामा बनाए जाने पर पंचनामा रिपार्ट पर सवाल उठाया। तब जिला पंचायत सीईओ अश्विनी देवांगन ने बैठक में मौजूद महकमा के अधिकारी से पूछा कि क्या उन्होंने जिनके नाम शिकायत हुई है उनसे पूछताछ किया एवं उनके यहां छापेमारी की। इस पर विभागीय अधिकारी ने कहा कि उन्होंने ऐसा नहीं किया है। उनके इस जवाब पर सदस्यों ने नाराजगी जाहिर करते हुए विभाग की भूमिका पर सवाल उठाया।

इसी तरह सदस्य लक्ष्मी साहू ने महमरा रसमड़ा जर्जर सडक़ की स्थिति नहीं सुधारे जाने का मुद्दा उठाया। इस पर लोक निर्माण विभाग के अधकारी ने कहा कि ये सडक़ औद्योगिक विकास निगम के अंतर्गत है। गनीमत है कि लोक निर्माण विभाग ने इसका संधारण कर दिया। उनके इस जवाब पर लक्ष्मी साहू ने एतराज व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व बैठक में मौजूद अधिकारी ने यह सडक़ लोक निर्माण के अंदर लेने की बात कहते हुए जल्द संधारण का आश्वासन दिया था मगर संधारण के नाम पर केवल गिट्टी डाली गई है। आज भी सडक़ चलने लायक नहीं है। इस पर भी विभाग के अधिकारी का गनीमत शब्द बोलना उचित नहीं है। यहां हर दूसरे दिन हादसा हो रहा है। इस पर विभाग के ईई ने अपने शब्द वापस लेने की बात कही।

इसी प्रकार मिनीमाता चौक से अंडा मार्ग पूरा नहीं होने एवं सडक़ में भारतमाला की निर्माण सामाग्री ले जाने वाले ट्रकों की वजह से पटे मिट्टी नहीं हटाने पर जनपद अध्यक्ष ने नाराजगी व्यक्त की।

सदस्यों ने बैठक में जिला अस्पताल में जन्म से मृत्यु तक की स्थिति में पैसों की मांग किए जाने पर सवाल उठाया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था को सुधारने की मांग की। इसी प्रकार आवास प्लस में बहुत से ग्रामों में एक भी हितग्राही का नाम नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। बोरई, बिरेझर, रिसामा क्षेत्र में अवैध खनिज उत्खनन का मामला भी सदस्यों ने जोर शोर से उठाया।

उपाध्यक्ष अशोक साहू ने हैवी ब्लस्टिंग की जांच के लिए मशीन लगाने की बात कही। उन्होंने अछोली में लगातार अनुपस्थित रहने वाले शिक्षक के मामले में कार्रवाई नहीं होने पर शिक्षक विभाग के अधिकारियों की भूमिका को लेकर नाराजगी जताई।  जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा यादव, उपाध्यक्ष अशोक साहू ने शासकीय आयोजनों में उन्हें नहीं पूछने एवं क्षेत्र के विधायक तक को नहीं पूछने का मुद्दा उठाते हुए जमकर नाराजगी जाहिर की। बैठक में सदस्यों ने इसे लेकर निंदा प्रस्ताव पारित किया। बैठक में सदस्य योगिता चंद्राकर, जितेन्द्र साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।


अन्य पोस्ट