दुर्ग

दुर्ग, 22 सितंबर। ट्रेन से आना-जाना करने वाली कुछ लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करने वाले रेलवे स्टेशन कैंटीन मैनेजर को लड़कियों ने स्वयं घेरकर पकड़ लिया और जीआरपी पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जीआरपी पुलिस आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
जीआरपी चौकी प्रभारी बी के राठौर ने बताया कि स्टेशन पर स्थित कैंटीन का मैनेजर बिट्टू कुमार शाह ट्रेन से आना-जाना करने वाली कुछ लड़कियों का पीछा करता था और उनके साथ छेडख़ानी करता था। कुछ दिनों पूर्व भी लड़कियों ने इस संबंध में जीआरपी दुर्ग को मौखिक शिकायत की थी। इसके बाद शनिवार को आरोपी ने फिर से वही हरकत की। जिसके बाद लड़कियों ने अपने साहस का परिचय देते हुए उसे घेर कर पकड़ लिया और उसे जीआरपी चौकी लेकर पहुंच गई।
जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस पुराने सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, जिसमें आरोपी की और भी करतूत का खुलासा हो सकता है।
उल्लेखनीय है कि इस घटना से यह स्पष्ट हो रहा है कि रेलवे स्टेशन जैसी जगह पर भी महिलाएं सुरक्षित नहीं है। दुर्ग से दूसरे शहर पढ़ाई के लिए या नौकरी के लिए जाने वाली लड़कियां भी अब अपने आप को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही है।