दुर्ग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 सितंबर। मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती व अभियंता दिवस के अवसर पर छग विद्युत पारेषण एवं वितरण कंपनी द्वारा आयोजित अभियंता दिवस कार्यक्रम में अति उच्च दाब निर्माण संभाग भिलाई में पदस्थ सहायक अभियंता डॉ राजेन्द्र हरमुख को उत्कृष्ठ अभियंता सम्मान से सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि डॉक्टर राजेंद्र हरमुख विद्युत मंडल पारेषण कंपनी के पहले डॉक्टरेट हैं। साथ ही उन्होने 11 विषयों में एमए करके सर्वाधिक डिग्रीधारी अभियंता होने का गौरव हासिला किया है। डॉ राजेंद्र हरमुख 11 विषयों में मास्टर डिग्री हासिल कर चुके हैं। इसके अलावा पीएचडी भी कर चुके हैं। वे हिंदी, संस्कृत, दर्शन शास्त्र, मनोविज्ञान, भाषा विज्ञान, राजनीति शास्त्र, समाज शास्त्र, लोक प्रशासन, इतिहास, एआईएचसी (प्राचीन भारतीय इतिहास,संस्कृति एवं पुरातत्व, अर्थशास्त्र पी-एच.डी. ( हिन्दी ) उपरोक्त सभी पं.रवि. वि.वि.से) कर चुके हैं।
डॉक्टर राजेंद्र हरमुख अनेक मंचों, संगोष्ठियों में मुख्य वक्ता, मुख्य अतिथि के रूप में मंचों को साझा कर चुके हैं। पहले कूर्मि संझा में संचालन, विद्युत मंडल में भी बड़े आयोजनों में संचालन दायित्व। शिक्षा, समाज सेवा के क्षेत्र में विभिन्न मंचों से अनेक अनेक सम्मान भी मिले। साहित्य के क्षेत्र में भी कई सम्मान मिले। पहले समाचार पत्रों में खूब लिखा और छपा। आकाशवाणी से लगभग 2 दर्जन वार्ताओं को प्रसारण, आकाशवाणी रायपुर द्वारा सर्वश्रेष्ठ समीक्षात्मक पत्र लेखन हेतु पुरस्कृत एवं साक्षात्कार, आकाशवाणी रायपुर से केयूर भूषण जी लिखित उपन्यास कुल के मरजाद की समीक्षा, डॉ.पीसी लाल यादव के काव्य संग्रह की समीक्षा का प्रसारण भी कर चुके हैं।
डॉ.राजेंद्र हरमुख दिल्लीवार कूर्मि क्षत्रीय समाज सहित विभिन्न संगठनों में कई जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
वे वर्तमान में केन्द्रीय अध्यक्ष, दिल्लीवार कूर्मि क्षत्रिय समाज (दूसरा कार्यकाल), वरिष्ठ उपाध्यक्ष, प्रदेश कूर्मि क्ष.समाज, वरिष्ठ सलाहकार केंद्रीय युवा समिति, पूर्व केन्द्रीय युवा अध्यक्ष, दिल्लीवार कूर्मि समाज, पूर्व उपाध्यक्ष ,प्रदेश कूर्मि युवा समिति, पूर्व उपाध्यक्ष एवं सचिव ,युवा कूर्मि मित्र मंडल भिलाई, पूर्व विश्वविद्यालय प्रतिनिधि,साइंस कॉलेज दुर्ग1987, पूर्व कार्य.सदस्य , पं.रविशंकर वि.वि.छात्रसंघ रायपुर 1987, पूर्व उपाध्यक्ष एवं सचिव पत्रोपाधि अभियंता संघ दुर्ग वृत्त रह चुके हैं।