दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 सितंबर। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी से टिकट के लिए आवेदन करने की शिकायत पर दुर्ग के जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सीईओ सुरेन्द्र कुमार जोशी को निलंबित कर दिया गया था।
निलंबन आदेश को श्री जोशी ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर चुनौती दी थी। जिस पर सुनवाई के दौरान उच्च न्यायालय ने सीईएसकेओ जोशी का निलंबन आदेश रद्द कर दिया।
याचिका में बताया गया था कि निलंबन आदेश जारी करने वाला महाप्रबंधक भी सीईओ स्तर का ही अधिकारी है उसे इस तरह की कार्रवाई करने का कोई अधिकार नहीं है। श्री जोशी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग में सीईओ के पद पर पदस्थ थे। तब भाजपा मंडल महामंत्री दारा सिंह भोसार्य ने उनके खिलाफ शिकायत की थी कि एसके जोशी ने अहिवारा से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में विधानसभा चुनाव में आवेदन किया था। साथ ही उन पर धान खरीदी केंद्रों से 25 हजार रुपये से लेकर 50 हजार रुपये तक की अवैध वसूली करने का आरोप भी लगाया गया था।
शिकायत को संज्ञान में लेते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर दुर्ग ने मामले की जिला पंचायत सीईओ से जांच कराई गई थी। जांच प्रतिवेदन के आधार पर प्रकरण में कार्रवाई के लिए सचिव सहकारी समिति छत्तीसगढ़ शासन रायपुर को भेजा गया। जिस पर मामले में महाप्रबंधक छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित नवा रायपुर द्वारा 30 अपैल 2024 को एसके जोशी का निलंबन आदेश जारी किया गया।
श्री जोशी ने उक्त कार्रवाई को अपने अधिवक्ता शैलेंद्र वाजपेयी के माध्यम मे उच्च न्यायालय में चुनौती दी। अधिवक्ता शैलेंद्र वाजपेयी ने बताया कि दायर याचिका में न्यायालय को यह बताया गया कि निलंबन आदेश उस अधिकारी द्वारा पारित किया गया था जिसके पास इस तरह करने का अधिकार क्षेत्र नहीं है। अधिवक्ता श्री बाजपेयी ने बताया कि मामले में सुनवाई करते हुए न्यायाधीश सचिन सिंह राजपूत ने एसके जोशी के निलंबन आदेश को रद कर दिया।