दुर्ग
त्यौहार के समय भी मजदूरी नहीं मिलने से मजदूरों में रोष
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 सितंबर। तीज त्यौहार के समय मनरेगा के तहत कार्य करने वाले मजदूरों के हाथ इस बार खाली रह गए। मनरेगा मजदूरों के मई माह से मजदूरी की करोड़ों रुपए का भुगतान बकाया है। त्यौहार के समय भी मजदूरी की राशि नहीं मिलने से मजदूरों में रोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार जिले में अकेले दुर्ग जनपद पंचायत क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों में मनरेगा मजदूरों की मजदूरी एवं सामग्री को मिलाकर लगभग 10 करोड़ रुपए का भुगतान बकाया है। भुगतान नहीं मिलने परेशान मजदूर पंचायत प्रतिनिधियों के समक्ष जल्दी मजदूरी की राशि दिलाने गुहार लगाते हैं, इससे पंचायत प्रतिनिधियों के समक्ष भी दुविधा की स्थिति रहती है। जनपद सदस्य राकेश हिरवानी का कहना है कि उनके जनपद क्षेत्र एक एक ग्राम पंचायत में लाखों रुपए का भुगतान अटका हुआ है। उक्त बकाया राशि का भुगतान कब होगा यह अधिकारी भी बताने की स्थिति में नहीं है।
जनपद अध्यक्ष देवेन्द्र देशमुख का कहना है कि मई माह से मनरेगा में हुए कार्यों के करोड़ों रुपए का भुगतान बकाया है। जनपद पंचायत की सामान्य सभा बैठक में जल्द बकाया मजदूरी भुगतान की राशि दिलाने संबंधी प्रस्ताव लेकर शासन को भी भेजा गया है। पूर्व सरपंच संघ अध्यक्ष एवं दुर्ग जिला कांग्रेस सहकारिता प्रकोष्ठ प्रमुख रिवेन्द्र यादव का कहना कि भाजपा सरकार मनरेगा के तहत काम करने वाले गरीब मजदूर परिवारों की महिलाओं के मेहनत की गाढ़ी कमाई के एक-एक ग्राम पंचायत में लाखों रुपए का भुगतान महीनों से अटका कर रखा और मात्र 1-1 हजार रुपए देकर सरकार के मंत्री महतारी वंदन का ढिंढोरा पीट रहे हैं।
छग में तीजा पोरा महिलाओं ही नहीं भाईयों के लिए भी प्रमुख त्यौहार है। इसका इंतजार भाई बहन को साल भर से रहता है मगर ऐन त्यौहार के समय मजदूरी भुगतान नहीं मिलने से मनरेगा के तहत काम करने वाले भाई-बहनों का हाथ में पैसा नहीं है। उन्होंने कहा मनरेगा की बकाया राशि का तत्काल भुगतान किया जाए।