दुर्ग

धोखाधड़ी से बीएसपी में नौकरी, कोर्ट ने अपराध दर्ज करने का दिया आदेश
08-Sep-2024 4:41 PM
धोखाधड़ी से बीएसपी में नौकरी, कोर्ट ने अपराध दर्ज करने का दिया आदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 सितंबर ।
बीएसपी में नौकरी भर्ती होने के समय अपना एवं अपने पिता के नाम के बारे में झूठा हवाला देकर नौकरी प्राप्त करने वाले अपरिवादी के खिलाफ परिवादी के अधिवक्ता का तर्क सुनने के बाद न्यायालय ने आदेश सुनाया है। 

न्यायालय ने आदेश दिया कि अनावेदक टी मलेश्वर राव द्वारा छल कपट, धोखा देकर भिलाई इस्पात संयंत्र में नौकरी प्राप्त किया जाना अपराधिक कृत्य को दर्शाता है और उसके विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 420 का संज्ञान लिया जाना उचित प्रतीत होता है। 

अनावेदक टी मलेश्वर राव के विरुद्ध थाना में आपराधिक मामला दर्ज किया जाए। जोन 2 खुर्सीपार भिलाई निवासी रामचरण मांझी पिता रामप्रसाद मांझी ने अपने अधिवक्ता रामबाबू गुप्ता के माध्यम से न्यायालय में टी मलेश्वर राव पिता टी गौरैया ऑपरेटर सह टेक्नीशियन जल प्रबंधन विभाग, भिलाई इस्पात संयंत्र थाना भट्टी के विरुद्ध परिवाद दायर किया था। 

इस संबंध में अधिवक्ता रामबाबू गुप्ता ने बताया कि टी मलेश्वर राव का पिता टी गौरैया बीएसपी में कार्य करता था। शारीरिक तकलीफ होने के कारण बीएसपी प्रबंधन द्वारा उसे अनफिट कर दिया गया था। बाद में टी गौरैया की मौत हो गई थी। टी गौरैय्या की पत्नी पेडम्मा अपने पुत्र मलेश्वर राव की अनुकंपा नौकरी लगाने के लिए मलेश्वर राव के ससुर जगमईया के पास गई थी। तब जगमईया ने कहा कि मलेश्वर को अनुकंपा नौकरी लग जाएगी। यह कहकर उसने कुछ दस्तावेज लिए और कुछ दस्तावेजों में पेडम्मा से अंगूठे का निशान लगवा लिये। इसके बाद जब मलेश्वर राव की नौकरी नहीं लगी तब उसने जगमईया से कहा तो जगमईया ने कहा कि अभी भर्ती बंद है, चालू होगी तो मलेश्वर की नौकरी लगा दूंगा। इसके बाद पेडम्मा के पुत्र मलेश्वर राव की मौत हो गई थी। इसी बात का फायदा उठाकर जगमईया ने दस्तावेज में हेर फेर कर अपने दामाद को पेडम्मा का पुत्र बताकर नौकरी पर लगा दिया था, जिसकी जानकारी पेडम्मा को भी नहीं हुई थी। कुछ समय बाद टी मलेश्वर राव पिता टी गौरैय्या नाम के व्यक्ति को जल प्रबंधन विभाग में नौकरी लग गई। 

इस पर परिवादी रामचरण मांझी पिता राम प्रसाद मांझी ने न्यायालय में परिवाद दायर किया था कि जिस मलेश्वर राव पिता टी गौरैया ने जल प्रबंधन विभाग बीएसपी में अनुकंपा के आधार पर नौकरी पाई है। उसका वास्तविक नाम पी रामा राव है। उसके वास्तविक पिता का नाम पी जागा राव एवं माता का नाम पी तुलसम्मा है।
 


अन्य पोस्ट