दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 सितंबर। जिले के कई निजी दुकानों में विभिन्न प्रकार के खाद मनमाने दाम पर बेची जा रही हैं। कहीं कहीं तो यूरिया एवं डीएपी खाद खरीदने पर अन्य गैर जरूरी सामाग्री लादन के रूप मे लेने भी मजबूर किया जा रहा है समय पर खाद मिल जाए इसलिए किसान भी विरोध नहीं करते हैं। किसानों ने खाद लेने पर बिल भी नहीं देने की शिकायत की है।
दुर्ग विकासखंड के एक कृषक भूषण साहू ने बताया कि वे अपने निजी खेत के अलावा रेग में लेकर 10 एकड़ जमीन पर भी खेती कर रहे हैं इसमें छिडक़ाव करने के लिए उन्हें निजी दुकानों से खाद लेना पड़ता है उन्होंने गत दिनों एक निजी दुकान से 40 बोरी विभिन्न प्रकार के खाद खरीदे इसमें बिना लादन के 400 रुपए प्रति बोरी की दर से यूरिया खाद दिया गया जबकि सहकारी समितियों में प्रति बोरी यूरिया की कीमत 268 रुपए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि खाद लेने पर दुकानदार बिल नहीं देते हैं मगर खाद छिडक़ाव करना जरूरी है इसलिए मजबूरी में खरीदना पड़ता है। इसी प्रकार कृषक खिलेश साहू ने बताया कि वे 8 एकड़ से अधिक जमीन रेग में लेकर खेती कर रहे हैं। इसके लिए उन्हें भी निजी दुकान से यूरिया खाद 380 रुपए प्रति बोरी के हिसाब खरीदना पड़ा ।
धमधा क्षेत्र के एक कृषक ने बताया कि कुछ दुकानों में बिना लादन के यूरिया खाद प्रति बोरी 550 रूपए तक भी बेची जा रही है जो कि सहकारी समितियों में मिलने वाले यूरिया खाद की तुलना में दुगुने दाम पर बेची जा रही है। वहीं नैनो यूरिया या अन्य खाद लादन के रूप में लेने पर प्रति बोरी यूरिया 400 से 450 रूपए में दिया जा रहा है।
इसी प्रकार सहकारी समितियो में प्रति बोरी साढ़े बारह सौ रूपए की दर से मिलने वाले डीएपी खाद बिना लादन के 1700 रूपए तक बेचे जा रहे हैं वहीं लादन के रूप में अन्य सामाग्री लेने पर 1500 रूपए प्रति बोरा लगाते हैं। बोड़ेगांव निवासी कृषक रविप्रकाश ताम्रकार का कहना है कि ननकठ्ठी एवं करंजा भिलाई सहकारी समिति में लगभग 2 सप्ताह तक यूरिया खाद नहीं था ननकठ्ठी सहकारी समिति में आरओ कटने के 15 दिनों बाद यूरिया खाद पहुंचा। इस बीच कई किसानों ने मजबूरी में निजी दुकानों से प्रति बोरी यूरिया खाद 450 रुपए तक खरीद कर खेतों में छिडक़ाव किए।