दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 5 सितंबर। ग्राम बोरीगारका निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक 82 वर्षीय खिलावन साहू के बदौलत मिली शिक्षा व वो दस रूपए ने उनके शिष्य जगतराम साहू की तकदीर ही बदलकर रख दी। कभी आर्थिक बदहाली में जीवन व्यतीत करने वाले इस शिष्य के पास परीक्षा फीस जमा करने के लिए पैसे नहीं थे, तब गुरुजी ने उनकी फीस भरी जिसके बाद परीक्षा पास करने से मिले सर्टिफिकेट की बदौलत हुनर सीखकर शिष्य ने आज अपने गांव सुरगी व गोवा में आलीशान मकान बना लिया है।
जगतराम पर गुरु खिलावन की शिक्षा व कार्य का ऐसा प्रभाव पड़ा कि गुरुर्ब्रम्हा गुरुर्विष्णु गुरुर्देवो महेश्वर: ... श्लोक में कही गई बाते गुरु शिष्य के बीच आज भी चरितार्थ हो रही है। शिष्य जब भी अपने घर से किसी कार्य के लिए निकलते है तो भगवान की तरह अपने गुरु खिलावन साहू का नाम स्मरण करके जाते हैं, यहीं नहीं उनके अन्य शिष्य आज भी उनका बेहद सम्मान करते हैं।
शिक्षक खिलावन साहू बताते हैं कि वे अपने सेवा काल में उच्चतर माध्यमिक शाला सुरगी में पदस्थ थे, तब 8वीं बोर्ड पूरक परीक्षा के लिए सभी परीक्षार्थी अपना फीस जमा कर चुके थे, एकमात्र जगतराम का फीस जमा नहीं हुआ था। फीस जमा करने की अंतिम तिथि के दिन वे उनके घर गए तब जगतराम ने बताया कि उनके पास फीस जमा करने 10 रूपए भी नहीं है। इस पर शिक्षक ने पूछा तुम परीक्षा में बैठना चाहते हो कि नहीं उनके हां कहने पर उन्होंने (शिक्षक ने) उनकी परीक्षा फीस भरी जगतराम ने परीक्षा दिया और पास भी हो गया।
शिष्य जब अचानक पत्नी सहित गुरू का चरण धोने लगे
शिक्षक साहू का कहना है कि सेवानिवृत्ति के बाद वे वर्ष 2003-04 में सुरगी गांव गए तो वहां की गली से गुजरते समय एक युवक अचानक मकान से बाहर आया और प्रणाम कर परिचय देते हुए अपने घर चलने का आग्रह करने लगे व्यस्तता की बात कहने पर 5 मिनट के लिए चलने जिद्द कर दी तब उनके मकान में जाते ही उनके शिष्य सभी कमरे में उन्हें लेकर गए और अपनी पत्नी से थाली एवं लोटा में पानी मंगाकर पैर प्रक्षालन करने लगे तब उन्होंने मुझे भगवान मत बनाओ ऐसा क्यों कर रहे हो कहकर मना किया इस पर शिष्य ने कहा कि आप 10 रूपए की फीस जमा नहीं करते तो मैं परीक्षा नहीं दिला पाता न ही वो सर्टिफिकेट मिलता जिसके बगैर नौकरी भी नहीं मिलती और आज यह मकान नहीं बना पाता न अपना कारोबार स्थापित कर पाता उनकी इस तरह बाते सुन वे (शिक्षक) काफी अभिभूत हो गए।
शिक्षक खिलावन साहू ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने की वजह से आठवीं की परीक्षा पास करने के बाद जगतराम काम की तलाश में मुंबई चले गए जहां से उनके एक दोस्त उन्हें गोवा लेकर गए गोवा में एक सीमेंट आर्ट फैक्ट्री एवं भवन निर्माता से मिलवाया जिसने उनकी शिक्षा के विषय में पूछते हुए उनसे उनका सर्टिफिकेट मांगा संयोगवश वे आठवीं परीक्षा का सर्टिफिकेट साथ रखे थे इससे उन्हें वहां नौकरी मिल गई, जहां कार्य करते हुए वे 10-15 वर्षों में सीमेंट आर्ट एवं भवन निर्माण का काम सीख गया।
गोवा से गांव आकर उन्होंने खुद सीमेंट आर्ट फैक्टरी एवं भवन निर्माण का कार्य शुरू किया। इसमें उन्हें सफलता मिली इससे वे खुद भी आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो गए। अब गांव में उनका भव्य मकान के साथ ही गोवा में भी 5 डिसमिल क्षेत्र में खुद का मकान हो गया है। उनके शिष्य जगतराम आज गोवा में स्वयं भवन निर्माण का ठेका भी लेने लगे हैं।
शिक्षा व समाज के प्रति समर्पित तीनों सगे भाई एक ही स्कूल से हुए सेवानिवृत्त
शिक्षक खिलावन साहू के अलावा उनके सगे भाई हीरामन साहू एवं जीवन साहू भी शासकीय स्कूल में शिक्षक रहे वे शिक्षा के साथ -साथ संगीत एवं समाज सेवा के प्रति समर्पित है तीनों भाईयों ने प्रदेश के अलग-अलग स्कूलों में सेवा दिए और अंत में संयोगवश तीनों शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सुरगी से एक समान पद में रहते हुए अलग-अलग वर्षों में सेवानिवृत्त हुए। डॉ मोनिका चावले बताती है खिलावन साहू ने अपने कार्यों से शिष्यों पर ऐसे छाप छोड़े है कि एक आदर्श शिक्षक के रूप में आज भी उनका सम्मान करते हैं।
जगत राम कहते है कि वे जब भी घर से निकलते है तो गुरू रामखिलावन के नाम का स्मरण कर प्रणाम करने के बाद कार्य पर जाते हैं अपने इस शिक्षक को आज तक नहीं भुले है ना ही मरते दम तक उन्हें भुलेंगे आखरी सांस के समय भी वे अपने गुरु रामखिलावन का नाम स्मरण करते रहेंगे।