दुर्ग

पोला महोत्सव में शामिल हुए सीएम
03-Sep-2024 3:42 PM
पोला महोत्सव में शामिल हुए सीएम

बैल दौड़ देखने का अवसर मिला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 3 सितंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को दुर्ग जिले के ग्राम मडिय़ापर में आयोजित पोला महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि सम्मलित हुए। बैल दौड़ को हरी झण्डी दिखाकर कार्यक्रम का किया शुभारंभ। शास्त्री नवयुवक मंडल मडिय़ापार, छत्तीसगढ़ संस्कृति विभाग और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में छत्तीसगढ़ की पुरातन संस्कृति एवं पारम्परिक खेलों का संगम प्रदर्शित किया गया।

समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्रामवासियों को पोला तिहार की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि बैल दौड़ सुनने को मिला था आज यहां पर महोत्सव के दौरान पर पहली बार बैल दौड़ देखने का सुअवसर मिला। उन्होंने कहा कि पोला तिहार किसानों का खेती किसानी से जुड़ा सबसे बड़ा त्योहार है। यह हमारे जीवन में खेती किसानी और पशुधन का महत्व बताता है। इस दिन घरों में उत्साह से नादिया बैल और जाता पोरा की पूजा कर अच्छी फसल और घर को धन धान्य से परिपूर्ण होने के लिए प्रार्थना की जाती है। यह छत्तीसगढ़ की परम्परा, संस्कृति और लोक जीवन की गहराइयों से जुड़ा पर्व है। इस पर्व के अवसर पर आज प्रदेश के 70 लाख माताएं बहनों को महतारी वंदन योजना की राशि उनके खातों में अंतरण किया गया। पोला का त्योहार किसानों का सबसे बड़ा त्योहार है। किसानों के हितों को ध्यान में रखकर केन्द्र और राज्य सरकार अनेक योजनाएं संचालित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के आय दुगुना करने सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। आज हम प्रधानमंत्री मोदी के गारंटी को सांय-सांय पूरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी को पूरा करते हुए राज्य में 13 लाख किसानों को धान का दो वर्ष के बकाया बोनस के रूप में 3716 करोड़ का भुगतान किया गया हैं। इसके साथ ही किसानों के प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी गई है। तेन्दूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक 4 हजार से बढ़ाकर 5 हजार 500 रुपए प्रति मानक प्रति बोरा किया गया है। कृषक उन्नति योजना के तहत 10 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इससे 24.2 लाख से अधिक किसानों को लाभ होगा। छत्तीसगढ़ वासियों को अयोध्या तीर्थ के नि:शुल्क दर्शन कराने के लिए श्रीराम लला दर्शन (अयोध्या धाम) योजना शुरू की गई है।

उन्होंने समिति की मांगों का जिक्र करते हुए पोला महोत्सव कार्यक्रम स्थल पर डोम निर्माण, मडिय़ापार में सामुदायिक भवन निर्माण, पोला महोत्सव आयोजन के लिए प्रति वर्ष 5 लाख रुपए तथा ग्राम लिटिया में जिला सहकारी बैंक शाखा खोलने की घोषणा की। कार्यक्रम को सांसद विजय बघेल, विधायक जगदलपुर किरण सिंह देव, क्षेत्रीय विधायक ईश्वर साहू ने भी संबोधित किया।

आयोजन समिति की ओर से डॉ. सुनील साहू ने अपने स्वागत प्रतिवेदन में बताया कि विगत 61 वर्षों से मडिय़ापार ग्राम में पोला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने इस तीन दिवसीय आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए ग्रामवासियों की विभिन्न मांगों की ओर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का ध्यान आकृष्ट किया।

इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर, पूर्व विधायक जागेश्वर साहू, लाभचंद बाफना एवं अवधेश सिंह चंदेल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा संभाग आयुक्त एस.एन. राठौर, आईजी आर.जी. गर्ग, कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी, एस.पी. जितेन्द्र शुक्ला, आयोजन समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट