दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 सितंबर। मुख्यमंत्री व गृहमंत्री कमजोर होने से प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं। अभी तक 8 माह में प्रदेश में महिलाओं के प्रति 3094 अपराध हुए हैं। इनमें 600 से अधिक बलात्कार की घटना हुई है। प्रदेश बिगड़ते कानून व्यवस्था को लेकर जिला कांग्रेस की संयुक्त प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक अरुण वोरा, कांग्रेस नेता आरएन वर्मा, राजेन्द्र साहू, बीडी कुरैशी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल एवं मुकेश चंद्राकर ने राज्य की भाजपा सरकार को घेरते हुए यह बात कही।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 9 माह के भाजपा सरकार के राज में छत्तीसगढ़ में महिलाएं असुरक्षित हो गयी है। रोज प्रदेश में कहीं न कहीं सामूहिक बलात्कार की घटना हो रही है। राजधानी में महिलाएं सुरक्षित नहीं है। रायपुर नया बस स्टैण्ड में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म होता है। दूसरे दिन रिपोर्ट लिखा गया इसमें भी सामूहिक दुष्कर्म को नकार दिया गया। बलात्कार का रिपोर्ट लिखा गया, यहां भी पुलिस अपराधियों को सजा देने के बजाय उन्हें बचाने में लगी है। बस्तर, जशपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर से लेकर राजधानी रायपुर में भी महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। बेहद दुर्भाग्यजनक है कि सरकार इन मामलों को गंभीरता से लेकर कार्रवाई की बजाय बलात्कार जैसी घटनाओं को भी छुपाने और अपराधियों को बचाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि भिलाई के डीपीएस स्कूल में 4 साल की मासूम बच्ची के साथ दुराचार की घटना हो गयी। बिना एफआईआर के एसपी ने घटना को नकार दिया, जबकि पॉस्को एक्ट में प्रावधान है कि ऐसी कोई घटना होने पर पहले एफआईआर होना चाहिए, इसके बाद जांच होनी चाहिए। भिलाई के बच्ची के साथ दुराचार के मामले में दो-दो डॉक्टरों ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि बच्ची के निजी अंगों में चोट है कुछ गलत हुआ है। उसके बाद एसपी मामले को नकारते है। वे पूछना चाहते है पुलिस ने एफआईआर कब किया ? मेडिकल बोर्ड का गठन कब हुआ ? बच्ची का स्वास्थ्य परीक्षण कब कराया गया? घटना सरकार के संज्ञान में था तो सरकार ने क्या कार्रवाई की ? पास्को एक्ट में एफआईआर बिना किए क्लीनचीट दिए जाने के कारण एसपी पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इसके अलावा रायगढ़ के पुसौर में एक आदिवासी महिला के साथ 14 लोगों ने दुराचार किया, पुलिस रिपोर्ट लिखने में बहानेबाजी कर रही थी। मीडिया में दबाव के बाद रिपोर्ट लिखा गया। जशपुर के एक नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुराचार हो गया। कोण्डागांव में एक महिला के साथ सामूहिक दुराचार हो गया, 20 दिन तक रिपोर्ट नहीं लिखी गयी। बेहद दुर्भाग्यजनक है कि बंगाल की घटना पर प्रतिक्रिया देने वाले भाजपाई छत्तीसगढ़ में 4 वर्षीय मासूम के साथ दरिंदगी पर मौन है। यह उनकी दोहरी नीति है। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राजेन्द्र साहू ने कहा कि अमरगुफा जैतखाम मामले में अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं इसे लेकर आंदोलन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। आंदोलन के दौरान लाठी चार्ज को दिशाहीन बताते हुए उन्होंने मुद्दों से भटकाने यह कार्रवाई की गई। इस दौरान महापौर धीरज बाकलीवाल, नीरज पाल, सभापति राजेश यादव, अलताफ अहमद आदि मौजूद थे।