दुर्ग

अच्छी वर्षा नहीं, नहरों में पानी छोडऩे की मांग
02-Sep-2024 3:22 PM
अच्छी वर्षा नहीं, नहरों में  पानी छोडऩे की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 2 सितंबर। जिले में अभी भी सामान्य से 120 मिमी कम बारिश है। पिछले 25 दिनों में मात्र 64 मिमी वर्षा हुई, वह भी खंड वृष्टि जैसी स्थिति रही। नतीजन जिले भर के अधिकांश क्षेत्रों में पानी के अभाव में असिंचित भाठा जमीन वाली खेतों में दरारें पडऩा शुरू हो गया, जिससे लेकर किसान चिंतित है।

लंबे समय से अच्छी वर्षा नहीं होने की वजह से जिले भर में किसान जलाशय से नहरों में पानी छोडऩे की मांग कर रहे थे। इसके बाद कुछ दिनों पूर्व जलाशय से पानी छोड़ा गया। इससे सिंचित कृषि भूमि में खेती करने वाले किसानों को राहत मिली है मगर जिले के 1 लाख 35 हजार हेक्टेयर में धान की खेती कर रहे अधिकांश किसानों की कृषि भूमि असिंचित है। प्रगतिशील किसान संगठन के महासचिव झबेन्द्र भूषण वैष्णव एवं दानेश्वर साहू का कहना है कि असिंचित भाठा जमीन की फसलों में पानी के अभाव में किसान खाद नहीं डाल पा रहे हैं। इससे पौधों की बाढ़ प्रभावित हो रही है। यदि आगे भी यही स्थिति रही तो दिक्कतें और बढ़ सकती है।

जानकारी के अनुसार 7 अगस्त की स्थिति में जिले में 481 मिमी औसत वर्षा हो चुकी थी। वहीं आज की स्थिति में जिले में कुल औसत वर्षा 545.6 मिमी ही हुई है जबकि आज की तिथि में जिले में सामान्य वर्षा 665.6 मिमी है। अर्थात सामान्य औसत वर्षा की तुलना में जिले में अब भी 120 मिमी कम बारिश है। जिले के भिलाई 3 तहसील अंतर्गत तो मात्र 57.8 प्रतिशत वर्षा हुई है। इसी प्रकार दुर्ग 66, धमधा 73 एवं बोरी में 84 प्रतिशत वर्षा हुई है। वहीं दूसरी ओर सिंचाई के लिए पानी छोडऩे के बाद फिर जलाशय खाली होने लगे हैं।


अन्य पोस्ट