दुर्ग
दुर्ग, 31 अगस्त। घर में घुसकर किशोरी के साथ छेड़छाड़ करने के बाद उसके साथ रेप का प्रयास करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है। अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ एफटीसी संगीता नवीन तिवारी की कोर्ट ने आरोपी देवेंद्र सिंह उर्फ सोनू सिंह को धारा 450 के तहत एक वर्ष सश्रम कारावास, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 4 के तहत 10 वर्ष सश्रम कारावास, 1000 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर एक माह के अतिरिक्त सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक संतोष कसार ने पैरवी की थी। संतोष कसार ने बताया कि किशोरी की उरला थाना मोहन नगर निवासी देवेंद्र सिंह उर्फ सोनू सिंह से पुरानी जान पहचान थी। 24 मई 2019 की रात्रि को आरोपी दीवाल के जरिए किशोरी के घर में प्रवेश किया और किशोरी के साथ अश्लील हरकत किया। इसके बाद आरोपी ने रेप का प्रयास किया। जब किशोरी ने शोर मचाया तो किशोरी के माता-पिता भी जाग गए। आरोपी वहां से भाग निकला था। किशोरी ने अपने परिवार वालों को बताया कि पूर्व में भी आरोपी ने उसे बहला फुसलाकर उसके दो-तीन बार रेप किया है। जानकारी मिलने पर परिवार वालों ने मोहन नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी।