दुर्ग
दुर्ग, 28 अगस्त। स्थानीय परमेश्वरी भवन, मोहलाई रोड में 24 से 31 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर 2बजे से चल रही श्रीमद् भागवत कथा के तीसरे दिन चित्रकूट से पधारे भरत जी महाराज ने वृत्तासुर की कथा सुनाते हुए बताया कि हमें प्रत्येक कार्य समय अनुसार करते रहना चाहिए।
अजातपक्षं इव मातरं खगा की व्याख्या करते हुए उन्होंने जीव की प्रतीक्षा का वर्णन किया जैसे एक बिना पंख का बच्चा अपनी मां चिडिय़ा की प्रतीक्षा करता है जैसे एक भूखा बछड़ा घास चरने गई। अपनी मां गाय की प्रतीक्षा करता है और जिस तरह से एक नव विवाहिता स्त्री अपने पति की प्रतीक्षा करती है, वैसे ही जीव को परमात्मा की प्रतीक्षा करना चाहिए, तभी मिलन संभव है।
भुवन कोष वर्णन करते हुए बताया हमारा धर्म प्रकृति और जगत के सामंजस्य से चलता है। गंगा जमुना आदिक नदियों एवं हिमालय आदि पर्वतों पर निर्भर है हमारा देश।
गजेंद्र मोक्ष का वर्णन करते हुए उन्होंने भगवान विष्णु के हरि अवतार की कथा सुनाई।
उन्होंने कहा यदि सच्चे मन से परमात्मा का स्मरण करें तो भयानक से भयानक विपत्ति टल जाती है, भगवान उसकी रक्षा करते हैं। त्रिकूट नाम के पर्वत को संसार से जोड़ते हुए उन्होंने सरोवर को माया और ग्राह को मृत्यु बताया।
समुद्र मंथन की कथा सुनाते हुए उन्होंने कहा मनुष्य जब उद्योग करेगा तभी उसकी सफलता की प्राप्ति होती है लक्ष्मी उसी को मिलती है जो परिश्रम करता है। वामन अवतार की कथा सुनाते हुए उन्होंने जीव को परमात्मा पर पूर्ण रूप से आश्रित बताया और कहा मनुष्य चाहे जितना प्रयास करें लेकिन सफलता प्राप्त होगी तभी जब परमात्मा की कृपा मिलेगी। छातागढ़ रोड में स्थित परमेश्वरी भवन में चल रहे इस कार्यक्रम के आयोजक देशमुख परिवार ने संध्या आरती करते हुए प्रसाद का वितरण किया और आए हुए सभी श्रोताओं का आभार व्यक्त किया।