दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 अगस्त। जिले के कई सहकारी समितियों में कार्यरत कर्मचारियों को महीनों से वेतन नहीं मिला है। इसकी वजह से दयनीय आर्थिक स्थितियों के चलते कर्मचारियों की दिक्कतें बढ़ गई है। वेतन नहीं मिलने से ऑक्रोशित जिला सहकारी बैंक अंतर्गत आने वाले जामगांव आर शाखा के तहत आने वाले कर्मचारी पहले से ही हड़ताल पर है। अब भिलाई शाखा अंतर्गत आने वाले नंदौरी, भिलाई 3 एवं लिमतरा सहकारी समितियों के कर्मचारी भी आज से आंदोलन हड़ताल पर है।
वेतन नहीं मिलने से जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के इन समिति कर्मचारियों की हालात खराब है। उनका कहना है कि मामले में पहले भी बैंक के प्राधिकृत अधिकारी, शाखा प्रबंधक आदि को अवगत करा चुके हैं। फिर भी उनकी समस्या का अब तक समाधान नहीं हुआ है। नंदौरी समिति के ज्ञानेश्वर साहू ने बताया कि भिलाई 3 शाखा अंतर्गत आने वाले समितियों में कार्यरत लिपिक, कंप्यूटर ऑपरेटर, सहायक लिपिक एवं ऑपरेटर, चौकीदार एवं अन्य दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को 6 माह से वेतन नहीं मिला है।
इसी तरह जामगांव आर शाखा अंतर्गत कुम्हली समिति के तरुण चंद्राकर ने बताया कि उनकी समिति में भी कर्मचारियों को 5 माह का वेतन नहीं दिया गया है, जिसके कारण उन्हें आंदोलन करना पड़ रहा है। हड़ताली समिति कर्मचारियों का कहना है कि सेविंग खाता में पैसा नहीं होने की बात कहकर उनका वेतन रोक दिया गया है।
मुख्यालय के अधिकारियों ने महीनों से समिति कर्मचारियों का वेतन जारी नहीं किया गया है।
जिसके चलते पाटन इलाके के आधा दर्जन समिति से अधिक के कर्मचारियों ने प्रबंधक को चाबी सौंपकर काम बंद कर दिया है। जिले में समिति ऑपरेटर, चौकीदार और लिपिक लामबंद हो रहे हैं। कई बार समिति प्रबंधकों ने मुख्यालय में इसकी शिकायत भी दर्ज कराई है। लेकिन वेतन जारी नहीं होने से कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ रहा है। धमधा क्षेत्र के भी कुछ समिति में 5 माह से वेतन नहीं मिला है।