दुर्ग
दुर्ग, 28 अगस्त। जिले में गत वर्ष की तुलना में फसल बीमा कराने वाले किसानों की संख्या बढ़ी है। वहीं बीमित फसल के रकबा में भी बढ़ोतरी हुई जबकि जिले के दुर्ग, पाटन एवं भिलाई 3 तहसील में बीमित फसल का रकबा घटा है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत 25 अगस्त तक किसानों से बीमा कराने आवेदन लिए गए अंतिम तिथि फसल बीमा को लेकर प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार कृषि विभाग अंतर्गत विभिन्न अधिसूचित फसलों का जिले में कुल 82 हजार 616 किसानों ने बीमा कराया है। इन किसानों द्वारा कुल 1 लाख 908 हेक्टेयर क्षेत्र की फसल का बीमा कराया गया है जबकि गत खरीफ वर्ष 2023 में कुल 81 हजार 674 किसानों ने कुल 1 लाख 444 हेक्टेयर क्षेत्र की फसलों का फसल बीमा कराया गया था। इस प्रकार इस बार जिले में फसल बीमा कराने वाले किसानों की संख्या 992 बढ़ी है। वहीं बीमित क्षेत्र के रकबा में 464 हेक्टेयर वृद्धि हुई है। फसल बीमा के लिए जिले में ऋणी कृषकों से कुल 324876 एवं अऋणी कृषकों द्वारा 6351 आवेदन प्राप्त हुए हैं। तहसीलवार प्राप्त आंकड़े के मुताबिक पाटन तहसील अंतर्गत खरीफ वर्ष 2023 की तुलना में इस बार 403 कम किसानों ने फसल बीमा कराया है। वहीं बीमित रकबा भी 640 हेक्टेयर कम हो गया। इसी प्रकार गत वर्ष की तुलना में भिलाई 3 एवं दुर्ग तहसील में बीमित फसल के रकबा में क्रमश: 201 एवं 102 हेक्टेयर की कमी आई है।