दुर्ग

सिंचाई के लिए 1372 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है तांदुला से
27-Aug-2024 3:41 PM
सिंचाई के लिए 1372 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है तांदुला से

दुर्ग, 27 अगस्त। तांदुला से सिंचाई के लिए 1372 क्यूसेक पानी नहर में छोड़ा जा रहा है। पिछले दो सप्ताह में जिले में मात्र 47 मिमी औसत वर्षा हुई है। वहीं गर्मी भी बढ़ गई है इससे अनेक क्षेत्रों में खेतों में भरा पानी सूख गए हैं। वर्तमान में किसानों को फसलों में सिंचाई के लिए पानी की बहुत जरूरत है। पिछले दो सप्ताह से अच्छी बारिश नहीं होने से बहुत से किसान फसलों में खाद आदि का छिडक़ाव नहीं कर पा रहे हैं।

वहीं अधिकांश किसानों ने अभी तक बियासी नहीं की है। बोता धान की फसलों की बियासी एवं खाद छिडक़ाव के लिए खेतों में पर्याप्त पानी नहीं है। ऐसे में जिन क्षेत्रों तक सिंचाई के लिए नहर में छोड़ा गया पानी पहुंच गया है। वहां के किसानों ने राहत महसूस की है। पाटन एवं दुर्ग तहसील के टेल एरिया तक नहर का पानी पहुंच गया है। कृषि विभाग के अधिकारी के मुताबिक पाटन क्षेत्र के टेल एरिया में स्थित मोतीपुर खमहरिया तक पानी पहुंच चुका है। वहीं किसानों के अनुसार अहिवारा एवं भिलाई3 तहसील के टेल एरिया में अब तक जलाशय का पानी नहीं पहुंच पाया है। कृषक रविप्रकाश ताम्रकार का कहना है कि सिंचाई के लिए पानी की जरूरत है मगर टेल एरिया में आने वाले उनके क्षेत्र के ग्राम ननकठ्ठी, रवेली, अरसनारा, बासिन, नवा तरिया में अब तक जलाशय से छोड़ा गया पानी नहीं पहुंच पाया। उन्होंने कहा कि टेल एरिया तक जल्द पानी पहुंचाने छोड़े जा रहे पानी की मात्रा बढ़ाई जाए।

जानकारी के अनुसार तांदुला में वर्तमान में 89 प्रतिशत जल भराव है जबकि खरखरा शत प्रतिशत भरा हुआ है। वहीं खपरी 81.75, गोंदली 51.81 एवं मरोदा जलाशय में कुल क्षमता का 39 प्रतिशत जलभराव है। तांदुला जल संसाधन विभाग के ईई सुरेश पाण्डेय एवं एसडीओ गोपी शर्मा ने किसानों से अपील किया है कि जलाशय से छोड़ा जा रहा पानी जहां पहुंच गया। वहां किसान इसका अनावश्यक अपव्यय न करे ताकि नहर से सिंचित होन वाले सभी किसानों के खेतों तक जरूरत के अनुसार पानी पहुंच सके।


अन्य पोस्ट