दुर्ग
दुर्ग, 21 अगस्त। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने अधिकारियों की बैठक में नगरीय निकायों में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में प्राप्त आवेदनों की निकायवार निराकरण करने की समीक्षा की।
उन्होंने विद्युत, पेयजल, साफ-सफाई, नाली सफाई, सम्पत्तिकर, राशनकार्ड, आवास आदि प्राथमिकता वाले प्रकरणों को गंभीरतापूर्वक निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। इसी प्रकार स्वच्छ सर्वेक्षण अंतर्गत निकायों में सफाई, डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, दीवाल राइटिंग, संकेतक बोर्ड, सौंदर्यीकरण, रेड स्पॉट, पब्लिक यूरीनल स्पॉट, व्यवसायिक एवं बाजार स्थलों की सफाई पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए।
साथ ही उल्लंघन करने वालों से जुर्माना राशि वसूली पर भी जोर देने कहा है। कलेक्टर चौधरी ने किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए एनएचएआई के परियोजना निदेशक से जिले में भारत माला परियोजना के तहत कार्यों की अद्यतन जानकारी ली। उन्होंने प्रोजेक्ट अंतर्गत ग्रामीणों के कृषि डुबान एवं आवागमन संबंधी समस्याओं का सकारात्मक ढंग से समाधान करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा अनुरूप लोगों को चिकित्सा सुविधा मुहैय्या कराने हेतु परिवार से सभी सदस्यों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाना है। उन्होंने आयुष्मान कार्ड की अद्यतन प्रगति की जानकारी लेते हुए डोर-टू-डोर अभियान चलाकर परिवार के छूटे हुए लोगों को चिन्हांकित कर केम्प लगाकर आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अवगत कराया कि जिले के शासकीय स्कूलों में विद्यार्थियों का विषयवार मासिक टेस्ट आयोजित किया जा रहा है। अधिकारी क्षेत्र भ्रमण के दौरान स्कूलों का निरीक्षण कर विद्यार्थियों के मासिक टेस्ट पंजी का भी अवलोकन करना सुनिश्चित करें।
बैठक में एडीएम अरविन्द एक्का, नगर निगम भिलाई के आयुक्त देवेश ध्रुव, जिला पंचायत के सीईओ अश्वनी देवांगन, नगर निगम दुर्ग के आयुक्त लोकेश चन्द्राकर, नगर निगम रिसाली की आयुक्त मोनिका वर्मा, अपर कलेक्टर बी.के. दुबे, संयुक्त कलेक्टर हरवंश सिंह मिरी एवं विरेन्द्र सिंह, सभी एसडीएम, सभी जनपद सीईओ, नगर पालिका व नगर पंचायत के सभी सीएमओ एवं समस्त विभाग के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे