दुर्ग

सीमा सुरक्षा बल ने हर्षोल्लास से मनाया स्वतंत्रता दिवस
16-Aug-2024 4:02 PM
सीमा सुरक्षा बल ने हर्षोल्लास  से मनाया स्वतंत्रता दिवस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 16 अगस्त।
भिलाई स्थित सीमान्त मुख्यालय के जवानों एवं अधिकारियों ने बड़े हर्षोल्लास के साथ 78वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। इस अवसर पर सीमा सुरक्षा बल छत्तीसगढ़ के महानिरीक्षक आनंद प्रताप सिंह, भा.पु.से. ने सीमा सुरक्षा बल मुख्यालय रिसाली भिलाई में ध्वजारोहण किया और भिलाई, कांकेर और नारायणपुर जिले में तैनात सभी बीएसएफ जवानों, अधिकारियों एवं उनके परिवारजनों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई दी, साथ ही उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। 

वर्ष 2009 में बीएसएफ को छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल विरूद्ध अभियान में तैनात किया गया था। वर्तमान में बीएसएफ की तैनाती छत्तीसगढ़ के कांकेर और नारायणपुर जिले में है। बीएसएफ की तैनाती से पहले क्षेत्र में नक्सलियों का आतंक और भय व्याप्त था। परन्तु बीएसएफ ने क्षेत्र से नक्सलियों के विरूद्ध लगातार कार्रवाई करके जनमानस के मन में सुरक्षा की भावना एवं बल के प्रति एक सकारात्मक रवैया पाने में सफलता हासिल की है। इस कार्य में सीमा सुरक्षा बल के प्रत्येक अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, एवं जवानों की अहम भूमिका रही है।

बीएसएफ के जवान दुर्गम क्षेत्रो में बड़ी कठिन परिस्थितियों में अपनी डयूटी निभा रहे हैं, और बड़ी निपुणता के साथ अपने काम को अंजाम दे रहे हैं। बीएसएफ अपने जवानों की मेहनत की बदौलत आज अपने इलाके के लोगों के बीच एक लोकप्रिय फोर्स बनकर उभरी है, जिसके लिए हमें अपने जवानों के ऊपर गर्व है। हमें जहाँ नक्सल के खिलाफ सख्त कदम उठाने हैं, वही अपने व्यवहार से लोगों का दिल जीतकर उनके दिलों में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करना है।
अंत में महानिरीक्षक ने सभी के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। 


अन्य पोस्ट