दुर्ग

प्रतिनियुक्ति पर रोक लगाने की मांग
12-Aug-2024 4:04 PM
प्रतिनियुक्ति पर रोक लगाने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 12 अगस्त। परिवहन विभाग में नियम विरुद्ध प्रतिनियुक्ति पर रोक लगाने की मांग छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग कार्यपालिक अधिकारी संघ ने की है।

इस आशय का पत्र उन्होंने मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन को सौंपा है। पत्र में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग में लंबे समय से विभिन्न पदों पर अन्य विभागों से प्रतिनियुक्ति पर अधिकारियों को लाया जा रहा है, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर प्रतिकूल प्रभाव एवं विभागीय अधिकारियों के अधिकारों का हनन हो रहा है। चूंकि परिवहन विभाग को 1989 से ही केंद्र सरकार द्वारा तकनीकी विभाग बनाया गया है, जिसके अनुसार तकनीकी अर्हता रखने वाले अधिकारियों की ही विभाग में भर्ती किए जाने का प्रावधान है।

छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के पश्चात विभाग में भर्ती नियम नहीं बनने के कारण भर्तियां नहीं हुई, जिसके कारण आवश्यकता को देखते हुए राज्य शासन द्वारा प्रतिनियुक्तियों के माध्यम से अधिकारियों को लाया जाता था, परंतु वर्तमान में विभाग के अनुकूल भर्ती नियम बना लिए गए हैं। जिसके अनुसार विभाग में लगातार तकनीकी अधिकारियों की भर्ती भी की जा रही है तथा विभाग में अब पर्याप्त अधिकारी हो गए हैं एवं अन्य विभागों से प्रतिनियुक्ति की आवश्यकता नहीं है।

छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग कार्यपालिक अधिकारी संघ के अध्यक्ष चुन्नू लाल देवांगन द्वारा जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि नियम विरुद्ध प्रतिनियुक्ति से क्षुब्ध होकर विभागीय अधिकारियों द्वारा कोर्ट में याचिका दायर की गई थी। प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति समाप्त कर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के पद पर पदोन्नति करते हुए विभागीय अधिकारियों को उनके मूल पदस्थापना कार्यालय में पूर्ण प्रभार दिए जाने के संबंध में शासन को निर्देश दिए गए हैं। इस आदेश के बाद सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा संशोधित आदेश जारी किए गए, जिसमें क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के स्थान पर प्रतिनियुक्ति में मानते हुए वरिष्ठ क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी पढ़ा जाए।

संघ ने सवाल उठाया है कि यदि अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति वरिष्ठ क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के पद पर की गई है तो उनके द्वारा वाहनों का पंजीयन, ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट तथा कराधान प्राधिकारी का कार्य किस आधार पर किया जा रहा है।

उनका कहना है कि वरिष्ठ क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के पद को राज्य सरकार ने न तो पंजीयन प्राधिकारी, न ही अनुज्ञापन प्राधिकारी, न ही कराधान प्राधिकारी और न ही राज्य परिवहन प्राधिकार क्षेत्रीय परिवहन का सदस्य घोषित कर किसी प्रकार के सचिव के रूप में वहां अनुज्ञा पत्र जारी करने हेतु अधिसूचना जारी किया है। परिवहन विभाग में तकनीकी रूप से दक्ष व प्रशिक्षित अधिकारी हैं। अन्य विभाग से आए अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति समाप्त करते हुए मूल विभाग के अधिकारियों की पदस्थापना किया जाना चाहिए। इससे मूल विभाग के अधिकारियों के अधिकार का हनन नहीं होगा। इसके अलावा विभागीय कार्य प्रणाली की जानकारी होने से विभाग का राजस्व भी प्रभावित नहीं होगा।


अन्य पोस्ट