दुर्ग

हरिशंकर परसाई जन्मशती संगोष्ठी
11-Aug-2024 3:57 PM
हरिशंकर परसाई जन्मशती संगोष्ठी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 11 अगस्त।  शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय दुर्ग और शासकीय दानवीर तुलाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय उतई के सहयोग से हरिशंकर परसाई जन्मशती संगोष्ठी का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़ एवं छत्तीसगढ़ के बाहर से साहित्यकारों एवं साहित्य प्रेमियों ने शिरकत की।

इस अवसर पर महाविद्यालय की पत्रिका कॉलेज समाचार के नये अंक का विमोचन भी किया गया। राधाकृष्णन सभागार साइंस कॉलेज में आयोजित उद्घाटन सत्र में साहित्य अकादमी नई दिल्ली के उपसचिव देवेन्द्र कुमार देवेश ने साहित्य अकादमी की स्थापना कार्यप्रणाली आयोजन और उद्देश्य पर गंभीरता से प्रकाश डालते हुए अकादमी की विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों यथा पुस्तक प्रकाशन, अनुवाद, पुस्तक प्रदर्शनी, कार्यशाला, पुरस्कार आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

आरंभिक वक्तव्य देते हुए साहित्य अकादमी नई दिल्ली की सामान्य परिषद के सदस्य डॉ. सियाराम शर्मा ने कहा कि जब साहित्य की समस्त विधाएं चूक जाती हैं, तब व्यंग्य की आक्रामकता की जरूरत होती है। व्यंग्य में सम्पूर्ण समाज की कमजोरियों, विद्रूपताओं को उभारने का गहरा प्रयास होता है। हरिशंकर परसाई ने व्यंग्य विधा को साहित्य की एक महत्वपूर्ण विधा के रूप में प्रतिष्ठित किया।

बीज वक्तव्य देते हुए रांची से उपस्थित प्रख्यात हिन्दी आलोचक रविभूषण ने कहा कि परसाई की कृतियों से गुजरना उनके समय समाज से गुजरना है। वे स्वाधीन भारत के सजग प्रहरी थे। अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए दुर्ग संभाग के अतिरिक्त संचालक, उच्च शिक्षा डॉ. राजेश पाण्डेय ने कहा कि परसाई ने पूरी व्यवस्था का अध्ययन किया था।

उन्होंने अपनी रचनाओं में मनुष्य और समाज के दोहरे चरित्र को तल्खी से लिखा है। उद्घाटन सत्र का समाहार वक्तव्य देते हुए शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम.ए. सिद्दिकी ने कहा कि दुर्ग भिलाई में परसाई की रचना धर्मिता पर आयोजन सौभाग्य का विषय है। आज के भ्रष्ट एवं दिशाहीन समय में परसाई जी का लेखन हमारे समय और समाज के लिए पथ प्रदर्शक है।

उद्घाटन सत्र का आभार ज्ञापन हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. अभिनेष सुराना ने किया।

जनतंत्र का गद्यात्मक भाष्य पर अधिकारी वक्ताओं ने विचार व्यक्त किये। बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय से उपस्थित युवा आलोचक डॉ. आशीष त्रिपाठी ने कहा कि परसाई ने जिस गद्य का इस्तेमाल किया वह रूप उसके पहले किसी ने नहीं किया था। परसाई को व्यंग्य विधा तक सीमित कर देना उनके कद को छोटा कर देना है। वरिष्ठ व्यंग्यकार विनोद साव ने कहा कि परसाई का लेखन जड़ता को तोडऩे की कोशिश है। वे अपने समूचे लेखन में प्रतिपक्ष के नेता हंै। उनका लेखन जड़ता के बन्धन से मुक्ति का स्वर है। दिल्ली विश्वविद्यालय से उपस्थित आलोचक एवं संपादक आशुतोष कुमार ने कहा कि हमने व्यंग्य को वह महत्व नहीं दिया जिसका वो हकदार था। स्वतंत्र विधा के रूप में व्यंग्य एक शक्ति है, जिसे ठीक से अब तक पहचाना नहीं गया।

उन्होंने समाज में व्यंग्य की उपेक्षा पर गहरी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि परसाई का व्यंग्य मनोरंजन नहीं करता बल्कि वह परिवर्तनकामी है, वह बेचैन करता है। प्रथम सत्र की अध्यक्षता कर रहे दिल्ली से उपस्थित वरिष्ठ व्यंग्यकार प्रेम जनमेजय ने कहा कि परसाई मूलत: लोकतंत्रवादी थे। वे शिल्प की दृष्टि से भी लोकतंत्रवादी थे। लोगों ने परसाई को व्यंग्य विधा तक ही सीमित कर दिया, जबकि परसाई के कारण ही व्यंग्य असीम हुआ है। द्वितीय सत्र में हरिशंकर परसाई की कथा दृष्टि और व्यंग्य बोध पर विचार विमर्श हुआ। प्रख्यात आलोचक डॉ. जयप्रकाश ने कहा कि परसाई हिन्दी के संभवत: पहले ऐेसे रचनाकार हैं, जिन्होंने अपने विचार स्तंभों के माध्यम से व्यक्त किये। अम्बिकापुर से उपस्थित वरिष्ठ कथाकार प्रभु नारायण वर्मा ने कहा कि परसाई हमारी व्यवस्था को बार बार नंगा करके उठाते है, उस पर कठोर आक्षेप करते है। परसाई जी के लेखन की विविधता और कहीं दिखायी नहीं देती।

दुर्ग से उपस्थित वरिष्ठ कथाकार कैलाश बनवासी ने कहा परसाई का साहित्य आजादी के बाद देश की सत्ता व्यवस्था और समाज को समझने का दस्तावेज है। उनकी कहानी कला में उनकी मौलिकता परसाईपन स्पष्ट रूप से दिखता है। वे अपनी कहानियों में अलग तरह की दुनिया लेकर आते हैं। परसाई जी 360 डिग्री के बैट्समैन की तरह थे, उनकी कहानियों में विषय वस्तु 360 डिग्री में दिखायी देती है। द्वितीय सत्र की अध्यक्षता कर रहे जबलपुर के वरिष्ठ साहित्यकार राजेन्द्र दानी ने कहा कि परसाई अपनी परंपरा का जिक्र अपनी कहानियों में करते हैं। उनका लेखन शताब्दियों तक प्रांसगिक रहेगा। धन्यवाद ज्ञापन हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. अभिनेष सुराना ने किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रीता गुप्ता एवं डॉ. जयप्रकाश ने किया।

इस अवसर पर हिन्दी विभाग से डॉ. बलजीत कौर, डॉ. कृष्णा चटर्जी, डॉ. रजनीश उमरे, डॉ. सुबोध देवांगन, डॉ. ओम कुमारी देवांगन, डॉ. सरिता मिश्र, डॉ. शारदा सिंह, डॉ. लता गोस्वामी, सुषमा कौशिक, वरिष्ठ साहित्यकार रवि श्रीवास्तव, डॉ. कोमल सिंह शार्वा, डॉ. ए.ए. खान, डॉ. ए.के. मिश्रा, डॉ. ए.के. श्रीवास्तव, राकेश मिंज, लोकेश्वर ठाकुर, डॉ. शुभा शर्मा, डॉ. विद्या पंचागम, डॉ. सीमा अग्रवाल, अर्चना पाण्डेय, डॉ. पी. वसंतकला, थानसिंह वर्मा, डॉ. शंकर निषाद, विद्या गुप्ता, राजकुमार सोनी, परमेश्वर वैष्णव, रजत कृष्ण, शैलेन्द्र साहू , पथिक तारक, भुआल सिंह ठाकुर, अम्बरीश त्रिपाठी, मांझी अनंत, मुमताज सहित राजनांदगांव, रायपुर एवं धमतरी के साहित्य प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। शोधार्थी बेलमती, निर्मला, लक्ष्मीन, संग्राम सिंह निराला, अतुल, छोटेलाल, शिल्पी, मोरध्वज, तोरण लाल, जितेश्वरी साहू, पूर्णिमा, प्रियंका यादव, नरोत्तम, एमन साहू की आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका रही।


अन्य पोस्ट