दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 अगस्त। विश्व आदिवासी दिवस पर शास. वि. या. ता. स्ना. महाविद्यालय में 8 अगस्त को दोपहर 12 बजे हाउस एक्टिविटी समिति द्वारा आदिवासी समूह नृत्य प्रतियोगिता और आदिवासी फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन शहीद वीर नारायण सिंह हॉल में किया गया। महाविद्यालय के पूरे विद्यार्थियों को शहीद भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस और स्वामी विवेकानंद हाउस में वर्गीकृत किया गया है। इस प्रतियोगिता में प्रत्येक हाउस से एक टीम को प्रवेश दिया गया है। प्रतियोगिताओं के आयोजन का उद्देश्य आदिवासी कला, संस्कृति, लोक परंपरा, रीति रिवाज, रहन-सहन तथा वेशभूषा से विद्यार्थियों को परिचित करना एवं उनके समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को रंगमंच के माध्यम से बढ़ावा देना है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम. ए. सिद्दीकी ने रेखांकित करते हुए कहा कि यह दिन हमें याद दिलाता है कि आदिवासी समुदायों ने सदियों से पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में बढ़ चढक़र उत्साह पूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न जनजातिवर्ग के नृत्य तथा पहनावे को बहुत अच्छी तरह प्रदर्शित किया। आदिवासी समूह नृत्य प्रतियोगिता में विवेकानंद हाउस ने शानदार नृत्य प्रदर्शन से प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान चंद्रशेखर आज़ाद हाउस ने प्राप्त किया। तृतीय स्थान भगतसिंह हाउस ने बनाया तथा चतुर्थ स्थान सुभाष चंद्र हाऊस ने प्राप्त किया। इसी प्रकार आदिवासी फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें प्रथम स्थान चंद्रशेखर शेखर आजाद हाउस से मोरध्वज ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान विवेकानन्द हाऊस से दुष्यंत ने प्राप्त किया। तृतीय स्थान भगतसिंह हाऊस से मिनेश यादव ने प्राप्त किया तथा भगतसिंह हाऊस के ही पिंटू कुमार ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। निर्णायक के रूप में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. सुचित्रा गुप्ता, जीएस ठाकुर, सुकुमार चटर्जी, उषा साहू ने बड़ी बारीकी से निरीक्षण करते हुए प्रतिभागियों को सुझाव देते हुए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के संयोजक राकेश तिवारी तथा सह संयोजक लक्ष्मेंद्र कुलदीप थे। कार्यक्रम का संचालन सुभाष चंद्र हाऊस प्रभारी डॉ प्राची सिंह ने किया।

वही आदिवासी समाज द्वारा शुक्रवार को विश्व आदिवासी दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य समारोह का आयोजन केन्द्रीय गोंड महासभा धमधागढ़ के बैनरतले सिविल लाईन स्थित गोंडवाना भवन में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आदिवासी समाज के लोगों ने रैली निकाल कर की। यह रैली नया बस स्टैण्ड स्थित समाज के महापुरुष शहीद वीरनारायण सिंह और सिविल लाईन स्थित रानी दुर्गावती के प्रतिमा स्थल पहुंची। जहां समाज के महापुरुषों के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके बलिदान को याद किया गया। रैली में आदिवासी नृत्य, पंथी नृत्य व अन्य नृत्य आकर्षण का केन्द्र रहे। अंत में यह रैली वापस गोंडवाना भवन सिविल लाईन पहुंचकर सभा के रुप में तब्दील हुई। इस दौरान केन्द्रीय गोंड महासभा धमधागढ़ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एमडी ठाकुर, सचिव सीताराम ठाकुर के अलावा समाज के अन्य वरिष्ठजनों ने समाज के लोगों को विश्व आदिवासी दिवस का महत्व बताया। सभा में आदिवासी समाज के उत्थान व विकास के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 लोगों को सम्मानित कर उनकी हौसलाफजाई की गई।