दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 अगस्त। प्रेमी के संग मिलकर पति की हत्या करने वाली पत्नी एवं उसके प्रेमी को कोर्ट ने सजा दी है। अपर सत्र न्यायाधीश दुर्ग संजीव कुमार टामक की कोर्ट ने आरोपीगण धीरज कुमार कश्यप एवं रानी शर्मा को धारा 302, 34 के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। वहीं धीरज कुमार को धारा 449 के तहत 10 वर्ष कठोर कारावास की सजा भी दी गई है। अभियोजन पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक अरशद खान ने पैरवी की थी।
25 जनवरी 2022 को नेहरू नगर चरोदा थाना पुरानी भिलाई निवासी अनिल शर्मा ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसके चाचा सुनील शर्मा अपनी पत्नी रानी शर्मा एवं दो बेटियों के साथ हाउसिंग बोर्ड चरोदा में रहते हैं। सुनील शर्मा पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से वार कर उन्हें घायल कर दिया है।
गंभीर रूप से घायल सुनील शर्मा को तुरंत शासकीय अस्पताल सुपेला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपिया रानी शर्मा ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बयान दिया कि उसका पति उसे हमेशा परेशान करता था और नशे में आकर मारपीट करता था। घर चलाने के लिए पैसा भी नहीं देता था।
रानी अपने प्रेमी धीरज कुमार कश्यप निवासी पंचशील नगर चरोदा की मदद से घर चला रही थी, उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर एक व्यक्ति से नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 5 लाख रुपए ले लिए थे। उस व्यक्ति द्वारा रकम की मांग किए जाने पर रानी शर्मा ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर प्लान बनाया कि सुनील शर्मा को खत्म कर देते हैं ताकि कर्जदार उसे परेशान न करें और उन्हें रकम वापस करने में समय भी मिल जाए। इसके बाद दोनों ने मिलकर धारदार चाकू से सुनील शर्मा की हत्या कर दी थी।