दुर्ग
दुर्ग, 8 अगस्त। आधी रात को घर में प्रवेश कर वृद्धा का मुंह दबाने के बाद दो अज्ञात आरोपियों ने सोने के जेवरात, मोबाइल व अन्य सामानों की चोरी कर ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने बताया कि जय स्तंभ के पास वार्ड 22 तितुरडीह निवासी मनीष गायकवाड़ ने शिकायत दर्ज कराई कि 5 अगस्त को रात में खाना खाने के बाद परिवार के सभी लोग अपने-अपने कमरे में सो गए थे। एक कमरे में उसकी सास श्रीमती सरस बाई गायकवाड सोई हुई थी। आधी रात को उसे पेटी खुलने की आवाज आई तो सरस ने देखा कि दो युवक कमरे में घुसे हुए है। जब उसने उन्हें देखकर चिल्लाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके मुंह को हाथ से दबा दिया और चाकू गले में टिका दिया। इसके बाद आरोपीगण आलमारी के लॉकर में रखा पुराना सोने का हार, दो मोबाइल, सोनी कंपनी का टीवी आदि की चोरी कर फरार हो गए। प्रार्थिया की शिकायत पर मोहन नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 3 (5), 305 (ए), 331 (4) के तहत अपराध दर्ज किया है।