दुर्ग

हेमचंद यादव विवि की द्वितीय दीक्षांत समारोह, 68 शोधार्थियों को पीएचडी
08-Aug-2024 2:45 PM
हेमचंद यादव विवि की द्वितीय दीक्षांत समारोह,  68 शोधार्थियों को पीएचडी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग,8 अगस्त । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की स्थापना के 9 वर्ष बाद आखिरकार विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग (यूटीडी) को हरी झंडी मिली है। इतना ही नहीं विश्वविद्यालय के नये निर्माणाधीन भवन में राज्य शासन द्वारा भव्य ऑडिटोरियम उपलब्ध कराया जाएगा। इसकी घोषणा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग द्वारा आयोजित द्वितीय दीक्षांत समारोह में की।

बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को एक साथ लागू किया जा रहा है। इसके लागू होने से प्रदेश के विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायता मिलेगी। उन्होंने पीएचडी की डिग्री प्राप्त करने वाले 68 शोधार्थी एवं विश्वविद्यालय की विभिन्न परीक्षाओं में प्रावीण्य सूची में सर्वप्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 48 छात्र-छात्राओं को कठिन परिश्रम हेतु बधाई दी।

दीक्षांत समारोह में अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि दीक्षांत समारोह का सही तात्पर्य तब सिद्ध होता है जब डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थी देश एवं समाज के हित में कार्य करें तथा एक अच्छा नागरिक बनें। दरअसल कुलपति डॉ. पल्टा ने यूटीडी आरंभ करने तथा ऑडिटोरियम निर्माण के लिए राशि स्वीकृत किए जाने का आग्रह मुख्यमंत्री से किया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार करने हुए घोषणा करने में देर नहीं की। दीक्षांत भाषण देते हुए शिक्षा समिति उत्थान न्यास, नई दिल्ली के सचिव, डॉ. अतुल कोठारी ने भारतीय ज्ञान परंपरा और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का गहराई से विश्लेषण किया। उन्होंने नैतिकता एवं मूल्य शिक्षा की आवश्यकता पर बल दिया। इसके पहले स्वागत उद्बोधन में विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. अरूणा पल्टा ने विश्वविद्यालय की स्थापना के पश्चात के 9 वर्षों की यात्रा का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि लगभग 2 लाख स्वाध्यायी एवं रेगुलर छात्र संख्या वाले हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में वर्तमान में 1146 शोधार्थी, पीएचडी हेतु पंजीकृत हैं।

विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर युवा उत्सव, खेलकूद, एनसीसी, एनएसएस, यूथ रेडक्रास के क्षेत्र में अपनी दक्षता सिद्ध कर पुरस्कार प्राप्त किए हैं। अतिथियों को भेंट की गई पेंटिंग्स का निर्माण विश्वविद्यालय के ही छात्र अभिषेक शर्मा द्वारा किए जाने की जानकारी डॉ. पल्टा ने दी। इस छात्र ने राष्ट्रीय युवा उत्सव 2023 में ऑन द स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता में पूरे भारत में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। समारोह में विधायक गजेन्द्र यादव, ललित चन्द्राकर व रिकेश सेन, रविशंकर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला, तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई के कुलपति डॉ. एम.के. वर्मा, कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

समारोह के पहले दीक्षांत शोभायात्रा निकाली गई, जिसका नेतृत्व कुलसचिव भूपेन्द्र कुलदीप ने किया। इसमें छात्र-छात्राओं के अलावा राज्यपाल, मुख्यमंत्री तथा कुलपति शामिल हुए। कुलसचिव ने प्रावीण्य सूची के साथ-साथ अन्य स्नातक एवं स्नातकोत्तर उपाधि धारकों को शपथ दिलाई। दीक्षांत समारोह का संचालन कुलसचिव भूपेन्द्र कुलदीप तथा पूर्व डीसीडीसी डॉ. प्रीता लाल ने किया।


अन्य पोस्ट