दुर्ग

भारतमाला सडक़ निर्माण में चुस्ती, प्रभावित किसानों को मुआवजा भुगतान में सुस्ती
06-Aug-2024 4:04 PM
भारतमाला सडक़ निर्माण में चुस्ती, प्रभावित किसानों को मुआवजा भुगतान में सुस्ती

जमीन अधिग्रहण के 6 साल बाद भी प्रभावित किसानों को नहीं मिला मुआवजा

वर्तमान कीमत के मुताबिक 4 गुना के हिसाब से जल्द मुआवजा देने मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 6 अगस्त। भारतमाला सडक़ निर्माण में शासन प्रशासन बड़ी चुस्ती दिखा रही है वहीं प्रभावित किसानों को मुआवजा भुगतान के मामले में काफी सुस्ती है किसानों की माने तो जमीन अधिग्रहण के 6 साल बाद भी प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि का भुगतान नहीं हुआ है इससे आक्रोशित किसानों ने 6 वर्ष पूर्व की बजाय वर्तमान कीमत के मुताबिक 4 गुना के हिसाब से जल्द मुआवजा राशि का भुगतान करने मांग की है

बिना मुआवजे भुगतान निर्माण नियम विरुद्ध

एसडीएम कार्यालय पहुंचे प्रभावित किसानो के अनुसार  भारतमाला परियोजना के अंतर्गत उनकी जमीन 6 सितंबर 2018 से शासन द्वारा अधिग्रहित कर ली गई है, आज 6 वर्ष हो चुका है। वे इस जमीन पर कुछ नहीं कर पा रहे हैं। शासन द्वारा अभी तक कोई सूचना प्राप्त नही हुई है और न कोई मुआवजे की राशि शासन द्वारा मिल पाई है वहीं अधिग्रहित जमीन पर कार्य तेजी से प्रारंभ हो चुका है। उनका कहना है कि नियम के तहत अधिग्रहण के 90 दिन से अधिकतम 1 वर्ष के भीतर जमीन के एवज में मुआवजा व सभी दायित्वों का भुगतान जरूरी है। नियम के तहत् मुआवजे की रकम जब तक न दी जाय, तब तक कार्य शुरू नहीं होना चाहिए था लेकिन काम तेजी से चल रहा है यही नहीं इन 6 वर्षों में जमीन की कीमत बहुत बढ़ गयी है। मुआवजे की रकम आज की जमीन की कीमत के हिसाब से 4 गुना होना चाहिए न की जमीन अधिग्रहण के समय 6 वर्ष पूर्व की कीमत के अनुसार हो उन्होंने कहा कि उपरोक्त मुआवजा जमीन की आज कीमत के हिसाब से शीघ्र अतिशीघ्र दिलाई जाय इस दौरान नवीन चंद्राकर, चंद्रकांत साहू, शिव चंद्राकर, बाल मुकुंद , महेश चंद्राकर, सीता सिंह सहित अनेक लोग मौजूद थे।

अधिकारी बता रहे भू -अर्जन प्रक्रियाधीन

वहीं शिव चंद्राकर व 12 अन्य के द्वारा 26 फरवरी को भारतमाला परियोजना के अंतर्गत मुआवजा राशि दिलाये जाने जनदर्शन में सौंपे गए आवेदन के जवाब में 20 मई 2024 को दिए गए जवाब में भू -अर्जन अधिकारी जिला दर्ग द्वारा कहा गया है कि उपरोक्त परियोजना के अंतर्गत प्रभावित कृषकों के निजी भूमि का भू-अर्जन की संपूर्ण प्रक्रिया पूर्ण कराने के पश्चात मुआवजा राशि निर्धारित कर प्रभावित कृषकों को निर्धारित मुआवजा का भुगतान किया जाता है। भू-अर्जन की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। भू-अर्जन की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात मुआवजा राशि का भुगतान किया जावेगा। इसलिए निर्माणाधीन कार्य को प्रभावित नहीं किया जा सकता।


अन्य पोस्ट