दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 जुलाई। दुर्ग जिले के बेलौदी गांव के प्रगतिशील कृषक और साहित्यकार बद्रीप्रसाद पारकर को ‘धीरे-धीरे उतरे पार’ के लेखन के लिए सम्मानित किया गया। जनवादी लेखक संघ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष डॉ. परदेशीराम वर्मा के मुख्य अतिथ्य मधुर साहित्य परिषद के अध्यक्ष डॉ. अशोक आकाश, पूर्व लोक सेवा आयोग छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष बी.एल.ठाकुर, जी.एस. राना, गिरवर मानिकपुरी, डूमनलाल ध्रुव ने अगासदिया प्रेमचंद सम्मान प्रदान किया।
बद्रीप्रसाद पारकर ने अपने सम्मान के अवसर पर कहा कि ‘धीरे-धीरे उतरे पार’ के पूर्व छतीसगढ़ी में बिसरे दिन के सुरता पुस्तक का प्रकाशन हुआ। इस पुस्तक का विमोचन भी राजभाषा आयोग के कार्यक्रम में डॉ. परेदशीराम वर्मा ने किया था। पुस्तक को पढक़र उन्होंने जीवनी लेखन के लिए प्रेरित किया। ‘धीरे-धीरे उतरे पार’ एक साधारण व्यक्ति की सरल सी जीवनी है। आभारी हूं कि मुझे सम्मानित किया गया।
28 जुलाई को विमोचन के अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. परदेशीराम वर्मा ने कहा कि बद्रीप्रसाद पारकर नेअपनी जीवनी में छत्तीसगढ़ के पिछड़े समाजों के बारे में भी बहुंत मार्मिक चित्रण किया है। यह बद्रीप्रसाद की ही जीवनी नहीं है संघर्ष करते हुए आगे बढऩे वाले हर साहसी व्यक्ति की जीवनी है धीरे-धीरे उतरे पार।
अशोक आकाश ने कहा कि सरल भाषा में कठिन जीवन स्थितियों का कलापूर्ण चित्रण प्रभावित करता है। बी.एल.ठाकुर ने कहा कि संघर्ष करते हुए आगे बढ़े लोग जब अपनी कहानी लिखते हैें तो दूसरों को भी आगे बढऩे की प्रेरणा मिलती है। यह बड़ा और सार्थक काम है।
इस अवसर पर पांच पुस्तकों का विमोचन हुआ। अनहद, फिर बोल उठी, निर्झर, सुरता और यथार्थ पुस्तकों का विमोचन हुआ। लेखक देवनारायण, संतराम सलामें, बुटूराम पूर्णे, पत्रकार धीरज टांक, पवन देवांगन, शैलेश ओटवानी को उनकी उपलब्धियों के लिए शाल श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।
सरस्वती वंदन हर्षा देवांगन ने प्रस्तुत किया तथा कार्यक्रम का सफल संचालन वीरेन्द्र अजनबी ने किया। शिवेन्द्र बहादुर ने डॉ.परदेशीराम वर्मा को उपहार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर कबीर पंथी, साधक साहित्यकार संत दिनेन्द्र दास, डॉ. इकबाल खान तन्हां, कन्हैयालाल बारले, अखिलेश्वर प्रसाद मिश्रा, लोकेश्वर सिंह निषाद,सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार उपस्थित थे। उपस्थित कवियों ने काव्य पाठ किया। आभार प्रदर्शन जनवादी लेखक संघ बालोद, जिला इकाई के अध्यक्ष देव जोशी ने किया।