दुर्ग
अहिवारा विधायक का किया पुतला दहन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 जुलाई। किसानों के खेत में लगे घेरा तोडक़र खड़ी फसलों को रौंदते हुए गेल इंडिया कंपनी द्वारा गैस पाइप लाइन डाली जा रही है, जिसके विरोध में किसानों ने जिला युवा कांग्रेस के नेतृत्व में अहिवारा तहसील कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान तहसीलदार के कार्यालय के सामने जमकर नारेबाजी की गई साथ अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का पुतला दहन किया गया
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष जयंत देशमुख के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान एवं युकां कार्यकर्ता शामिल हुए देशमुख ने कहा कि गेल इंडिया कंपनी द्वारा गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य अहिवारा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत किसानों की जमीन उपयोग में लिए जा रहे हैं, उक्त पाइपलाइन का कार्य खड़ी फसलों व फेंसिंग को तबाह कर दादागिरी पूर्वक किया जा रहा है। प्रभावित किसानों को मुआवजे की राशि भी नहीं मिली है इसके बावजूद खड़ी फसल व घेरा तोडक़र तहसीलदार राधेश्यम वर्मा व गेल इंडिया के मैनेजर प्रशांत गुप्ता किसानों को पुलिस बल प्रयोग कर थाने में बिठाकर डरा धमका कर काम कर रहे हैं जिसके विरोध में आज सैकड़ों किसान जिला युवा कांग्रेस के नेतृत्व में तहसील कार्यालय घेराव के लिए लामबंद होने मजबूर है।
उन्होंने कहा कि इसी प्रकार ग्राम पोटिया में काबिलकास्त भूमि पर सडक़ निर्माण कंपनी द्वारा रेडी मिक्स प्लांट स्थापित कर अवैध रूप से अवैध कब्जा हटवाने आवेदन किया गया है। मामले में उन्होंने आवेदकों को गुमराह करने का आरोप भी लगाया गया। युवा कांग्रेस ने प्रशासन के सामने मांग रखी कि गैस पाइपलाइन बिछाने वाली कंपनी के मैनेजर प्रशांत गुप्ता के विरुद्ध एफआईआर दर्ज किया जाए व काबिलकास्त भूमि पर कब्जा करने वाले ठेकेदार पर भी एफ आई आर किया जाए। प्रशासन द्वारा बात नहीं मानने पर युवा कांग्रेस द्वारा सौपे ज्ञापन के मुताबिक अहिवारा विधायक कोर्सेवाड़ा का सांकेतिक पुतला बनाकर नगर भ्रमण कराया गया और चौराहे में पहुंचकर पुतला दहन किया गया।
इस दौरान पुलिस बल और जिला प्रशासन के लोग भी मौजूद थे। आक्रोशित किसानों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गेल इंडिया कंपनी द्वारा तत्काल काम बंद नहीं किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी साथ ही किसानों को प्रताडि़त करने के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से शिकायत करने की बात कही।
तहसीलदार को रुपये की माला देने पहुंचे तहसील कार्यालय
उक्त मौके पर युवा कांग्रेसियों ने किसानों को प्रताडि़त नहीं करने और बिना पूछे जबरिया फेंसिंग तोडक़र फसल को बर्बाद नहीं करने के लिए 10 रु. की माला बनाकर तहसीलदार को देने के लिए कार्यालय की ओर आगे बढ़े जिसमें पुलिस प्रशासन ने मध्यस्थता करते हुए उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान हल्की धक्का मुक्की हुई अंत में शीघ्र उग्र और वृहद् आंदोलन की चेतावनी देकर आंदोलन समाप्त किया।
इस दौरान किसान नेता रविप्रकाश ताम्रकार, ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत साहू, विक्रांत ताम्रकार ,कैलाश नाहटा, झुमुक साहू, ओनी महिलांग, जनपद अध्यक्ष सरस्वती रात्रे, हीरा वर्मा, संदीप पटेल,प्रकाश सिंह ठाकूर, धर्मेश देशमुख, आकाश सेन, आकाश कुर्रे, आशीष वर्मा उमेश बंजारे, परविंदर सिंह, अभिषेक वर्मा ( वार्ड 17 ) पार्षद आशीष वर्मा डोमेन्द्र वर्मा सहित अनेक लोग मौजूद थे।