दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 जुलाई। आधी रात को घर में घुसकर दो अज्ञात आरोपियों ने आलमारी का दरवाजा खोलकर उसमें रखे सोने- चांदी के जेवरात एवं अन्य सामानों की चोरी कर ली। अचानक प्रार्थी की पत्नी ने आरोपियों को जब चोरी करते हुए देखा तो अपने पति को आवाज दी। मौके का फायदा उठाकर आरोपी वहां से भाग निकले।
प्रार्थी की शिकायत पर मोहन नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 305 (ए), 331( 2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि जयंती नगर नंदा भवन के सामने रहने वाला प्रार्थी उमेश माथनकर 17 जुलाई की रात को अपने परिवार के साथ सोया हुआ था। आधी रात को दो चोर घर में प्रवेश कर आलमारी का ताला तोडऩे के बाद जेवरात व अन्य सामान की चोरी कर रहे थे। इसी दौरान प्रार्थी की पत्नी कविता माथनकर की आंख खुल गई। उसने देखा कि दो लडक़े आलमारी में रखे सामान की चोरी कर रहे है। इस पर उसने अपने पति को आवाज दी। पति उन्हें पकडऩे के लिए दौड़ा तो आरोपी दरवाजा खोलकर घर से भाग निकले। आरोपियों ने आलमारी में रखे सोने के दो नग मंगलसूत्र, सोने की एक जोड़ी कान की रिंग, एक मोबाइल, आधार कार्ड, पैन कार्ड, गैस कार्ड, आरसी बुक, ड्राइविंग लाइसेंस, आयुष्मान कार्ड, बैंक की पासबुक आदि की चोरी कर लिए।