दुर्ग

एमएसपी कानूनी गारंटी सहित अन्य मांगों पर आंदोलन की घोषणा
18-Jul-2024 4:19 PM
एमएसपी कानूनी गारंटी सहित अन्य मांगों पर आंदोलन की घोषणा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 18 जुलाई। केंद्र सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) छत्तीसगढ़ ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) कानूनी गारंटी सहित अन्य मांगों को लेकर एक बार फिर से आंदोलन छेडऩे की घोषणा की है। 

छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा (मजदूर कार्यकर्ता समिति) के कलादास ढहरिया ने बताया कि 10 जुलाई 2024 को नई दिल्ली में संयुक्त किसान मोर्चा की राष्ट्रीय समन्वय समिति की बैठक हुई, जिसमें 17 राज्यों के किसान संगठनों ने सरकार से अपने मांग पत्र के जरिए कुछ तात्कालिक और कुछ नीतिगत मांगें की हैं। संयुक्त किसान मोर्चा के आव्हान पर आज हमने दुर्ग सांसद विजय बघेल के माध्यम से प्रधानमत्री के नाम ज्ञापन दिया है।

संयुक्त किसान मोर्चा (छत्तीसगढ़) से रमाकांत बंजारे ने बताया कि केंद्र सरकार को यह समझना चाहिए कि सत्तारूढ़ गठबंधन को पांच राज्यों में 38 ग्रामीण लोक सभा सीटों पर हार का सामना करना पड़ा है, जहां किसान आंदोलन मजबूत था। पूरे ग्रामीण भारत में सत्तारूढ़ गठबंधन ने 159 सीटें खो दी हैं। यह लंबे चले आ रहे कृषि संकट का परिणाम है और यह भविष्य में कृषि नीतियों में बड़े बदलाव की आवश्यकता को रेखांकित करता है।

मांगो को लेकर पूरे देश में प्रदर्शन

जिला किसान संघ (दुर्ग -बेमेतरा) के महेश साहू ने बताया कि हम रायपुर में भी संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा 09 अगस्त को अपनी मांगों को लेकर भारत छोड़ो दिवस पर कॉर्पोरेट भारत छोड़ो दिवस के तौर पर मनाएंगे।

संदीप पटेल ने एनडीए-2 सरकार को संयुक्त किसान मोर्चा और केन्द्र सरकार के बीच 9 दिसंबर 2021 को हुए समझौते के उल्लंघन के लिए जिम्मेदार ठहराया गया, जिसमें हमारी लंबे समय से लंबित मांग जैसे कि लाभकारी और गारंटीकृत एमएसपी के साथ खरीद, व्यापक ऋण माफी, बिजली के निजीकरण को निरस्त करना आदि शामिल हैं।

ज्ञापन के माध्यम से हमने दुर्ग जिले के नगरीय निकायों के सफाई कामगारों को नीयमित करने, एसीसी सीमेंट प्लांट (जामुल) सहित छत्तीसगढ़ के समस्त सीमेंट प्लांटों में सीमेंट वेज बोर्ड लागू करने और गेल (इंडिया) द्वारा दुर्ग जिले के किसानो के खेतो पर बिछाई जा रही गैस पाइपलाइन परियोजना को रद्द करने की भी मांग की है। ज्ञापन देने कलादास ढहरिया, रमाकांत बंजारे, महेश साहू, संदीप पटेल, ओमप्रकाश यादव, धर्मेंद्र सोनी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट