दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 18 जुलाई। भारती विश्वविद्यालय, दुर्ग और भारती चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय प्राथमिक शाला, कोलिहापुरी में नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
इस स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में डॉ. एकता राजकमल ने बच्चों से कहा कि बरसात के मौसम में जलजनित बीमारियों की आशंका बढ़ जाती है। इससे बचाव के लिए ताजा भोजन करना चाहिए। भोजन में पोषक तत्वों की मात्रा पर्याप्त होनी चाहिए। किसी भी तरह की परेशानी होने पर डॉक्टर को दिखाकर ही दवा लें। डॉ. रश्मि खोब्रागड़े, डॉ. शिवानी मिश्रा एवं चिकित्सकीय टीम ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें नि: शुल्क दवाएं दी। इस स्वास्थ्य शिविर के आयोजन में ग्राम पंचायत कोलिहापुरी के सरपंच ज्वाला प्रसाद देशमुख का संरक्षण तथा विद्यालय की प्रधान पाठिका प्रीति शर्मा का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
ज्ञात हो कि भारती विश्वविद्यालय और भारती चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के संयुक्त तत्वाधान में लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों का आयोजन राष्ट्र सेवा के उद्देश्य तथा जनकल्याण की भावना से किया जा रहा है। यह आयोजन भारती गु्रप के संयुक्त संचालक जय चंद्राकर के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। शिविर का संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ सदस्य जयंत बारीक द्वारा किया गया।