दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 जुलाई। किशोरी के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने के बाद उसे एवं उसके भाई को जान से खत्म करने की धमकी देने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है।
अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ एफटीसी संगीता नवीन तिवारी की कोर्ट ने आरोपी राजन उर्फ राजेंद्र कुमार चंद्रवंशी को धारा 450 के तहत 3 वर्ष सश्रम कारावास ,100 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर एक माह के अतिरिक्त सश्रम कारावास, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 4 के तहत 10 वर्ष सश्रम कारावास, 5000 रुपए अर्थ दंड तथा अर्थ दंड न दे पाने पर एक वर्ष के अतिरिक्त सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक संतोष कसार में पैरवी की थी।
18 दिसंबर 2022 की शाम को किशोरी के पिता सब्जी बेचने चरोदा गए हुए थे। किशोरी घर पर अकेली थी। इसी दौरान दो लडक़े मोटरसाइकिल पर सवार होकर उसके घर के पास आए। उसमें से एक लडक़ा आरोपी राजन उर्फ राजेंद्र कुमार चंद्रवंशी निवासी एचसीएल कॉलोनी खुर्सीपार भिलाई उसके घर के आंगन में आ गया। राजन ने एक रुमाल किशोरी के नाक पर जबरन रख दिया। इसके बाद किशोरी को चक्कर आने लगे। मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने किशोरी के साथ जबरन रेप किया और उसकी अश्लील वीडियो भी बना लिया।
संतोष कसार ने बताया कि आरोपी ने उक्त वीडियो को घर परिवार एवं रिश्तेदारों को भी वायरल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पीडि़ता को धमकी दी कि किसी को यह बात बताई तो तेरे भाई को जान से मार दूंगा। थाने में रिपोर्ट लिखाने जाएगी तो तेरा भी मर्डर कर दूंगा। परेशान होकर किशोरी ने पुरानी भिलाई थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी।