दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 जुलाई। आगामी नगरीय निकाय चुनाव में सभी वार्डों में सामान्य जनसंख्या हो इसको लेकर प्रदेश सरकार द्वारा जनसंख्या के आधार पर वार्डों का परिसीमन किया जा रहा है।
परिसीमन पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा ने कहा कि शासन द्वारा वर्ष 2021 में जनगणना किया जाना था, किन्तु कोरोना महामारी के चलते जनगणना नहीं हो पाई। बिना जनगणना के वार्डों का परिसीमन संभव नहीं है, क्योंकि इससे कैसे पता चलेगा कि वर्तमान में किस वार्ड में कितनी जनसंख्या है। कांग्रेसजन शासन से मांग करते है कि पहले जनगणना किया जाए इसके बाद ही वार्डों का नया परिसीमन हो। आगामी निकाय चुनाव को पुराने परिसीमन के आधार पर ही चुनाव कराया जाए यदि वार्डों का परिसीमन किया जाना है, तो पहले जनगणना किया जाए जिसके आधार पर जिन वार्डों में जनसंख्या अधिक है, वहां नए वार्ड बनाया जा सके। ताकि मूलभूत आवश्यकताओं का लाभ शहर के प्रत्येक नागरिक को मिल सके।