दुर्ग

गर्भवती गाय को नशेड़ी ने चाकू मारा, पुलिस ने निकाला जुलूस
10-Jul-2024 4:15 PM
गर्भवती गाय को नशेड़ी ने चाकू मारा, पुलिस ने निकाला जुलूस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 10 जुलाई। भिलाई के रुआबांधा क्षेत्र में सोमवार की रात एक नशेड़ी युवक ने गाय के पेट पर चाकू मार दिया। जब गाय के मालिक को इसकी जानकारी हुई तो उसने भिलाई नगर थाने में मामले की शिकायत की है। पुलिस को घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, जिसमें आरोपी गाय को चाकू मारते दिख रहा है। पुलिस ने आरोपी को दुर्ग से हिरासत में ले लिया। बाद में घटनास्थल ले जाकर जुलूस निकाला गया।

ज्ञात हो कि सोमवार रात एक युवक ने गर्भवती गाय पर चाकू से हमला कर दिया है। घायल गाय लगभग 4 से 5 महीने की गर्भवती है। आरोपी ने पहले  गाय को चाकू मारा और इस दौरान गाय खुद को बचाने के लिए आगे भागी तो आरोपी भी अपना चाकू निकाल गाय के पीछे दौड़ा। यह सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

गाय के मालिक और पशु प्रेमियों ने मिलकर आज सुबह भिलाई नगर थाना पुलिस में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है और गौ हिंसा के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

आज सुबह गाय के मालिक ने जब गाय के पेट में घुसे चाकू को देखा तो उसने तुरंत डॉक्टर को बुलाया और पुलिस को घटना की सूचना दी। डॉक्टर ने गाय के पेट से चाकू निकाला और मौके पर पहुंची पुलिस को चाकू सौंप दिया।

मामले की जांच में पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग देखी तो पूरी घटना कैमरे में कैद मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान रमाशंकर (27 वर्ष) के रूप में की है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी अपराधिक मामले में जेल जा चुका है। गाय के साथ हिंसक घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार है।

भिलाई नगर थाना प्रभारी ने बताया कि कल रात में लगभग एक बजे आरोपी रामा उर्फ रमाशंकर ने एक गाय के पेट में धारदार चाकू से वार कर दिया। वार के बाद चाकू गाय के पेट में ही फंसा रहा, जिसको डॉक्टर की टीम ने बाहर निकाल गाय का इलाज किया है।

 इस प्रकरण में प्रार्थी दुर्गेश यादव की रिपोर्ट पर थाना भिलाई नगर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। आरोपी को दुर्ग से हिरासत में ले लिया गया।

 अभी एक जुलाई से पूरे भारत वर्ष में नए कानून लागू हुए हैं, जिसमें ऐसे अपराधों के लिए सख्त कार्रवाई का प्रावधान है। घायल गाय का इलाज पशु चिकित्सक द्वारा किया गया है, गाय की हालत अभी ठीक है।


अन्य पोस्ट