दुर्ग
घर में जबरिया घुसे और दूसरी बहन को डंडे से पीटा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 जुलाई। खुर्सीपार की एक लडक़ी द्वारा 20 साल की युवती को आंटी बोलने पर आपत्ति जताना युवती को भारी पड़ गया। विरोध सुनते ही आंटी बोलने वाली लडक़ी उसे गालियां देने लगी और पत्थर उठा कर उसके सिर पर मार दिया। लहुलुहान युवती घर लौट जब परिजनों को घटनाक्रम बता रही थी तभी पीछे से कुछ लडक़े जबरन युवती के घर में घुसे और डंडे से युवती को पीटा है।
खुर्सीपार पुलिस ने युवती की रिपोर्ट पर बीएनएस की धारा 115, 296, 3(5), 333, 351(2) के तहत जैयरी, चंदु, रितेश एवं अन्य लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना कर रही है।
ज्ञात हो कि राम जानकी मंदिर के पास, राजीव नगर जोन 2 खुर्सीपार निवासी 20 वर्षीय युवती अपनी बहन के लिए तीन तालाब के पास चाय लेने गई और घर लौटते समय वहां चंदू नामक लडक़ी आई और उसे आंटी आंटी बोलने लगी।
युवती ने पूछा मुझे आंटी क्यों बोल रही हो दीदी? खुद के लिए दीदी का संबोधन सुन चंदू आग बबूला हो युवती को गाली देने लगी और जान से मारने की धमकी देते हुए, वहीं पर पड़े पत्थर से युवती के सिर पर मार दिया। जिससे युवती के सिर से खून निकलने लगा। घर पहुंची युवती अपनी बहन काजल को घटना के बारे में बता रही थी तभी उसके पीछे-पीछे चंदू, रितेश, जैयरी एवं अन्य लोग युवती के घर में जबरदस्ती घुसे और काजल को जैयरी ने अपने हाथ में रखे डंडा से सिर पर वार कर दिया।
सिर से खून निकलता देख सभी लोग दोनों बहनों को जान से मारने की धमकी दे चले गए। घटना पर रिपोर्ट दर्ज कर खुर्सीपार पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।