दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 जुलाई। शादी के दिन से ही कार एवं नगद रकम के लिए परेशान करने वाले ससुरालियों के खिलाफ पीडि़ता ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ धारा 498 ए के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस के मुताबिक भिलाई निवासी पीडि़ता का विवाह लखनऊ निवासी विकास तिवारी के साथ 18 फरवरी 2024 को सामाजिक रीति रिवाज से संपन्न हुआ था। शादी के अवसर पर पीडि़ता के पिता ने सोने चांदी के जेवरात सहित अन्य घरेलू सामान दहेज में दिए थे। रिश्ता तय होते समय ससुराल वालों ने कहा था कि उन्हें दहेज में कुछ नहीं चाहिए सिर्फ वह हमें अपनी बेटी दे दे। शादी में फेरे लेने से पूर्व विकास तिवारी ने अचानक मांग कर दी कि 2 लाख रुपए दोगे तभी शादी होगी। इस पर मजबूर होकर पीडि़ता के पिता ने 64000 रुपए का चेक दिया, तब जाकर शादी की रस्म पूरी अदा की गई। विवाह से दो दिन पूर्व भी पीडि़ता के पति विकास तिवारी, ससुर दिलीप तिवारी एवं सास जानकी देवी ने अचानक मांग कर दी थी कि उन्हें कार दिया जाए। इस पर किसी तरह उसके पिता ने कार का इंतजाम करके उन्हें दिया। शादी के बाद ससुराल वाले पीडि़ता से कहने लगे की खिलौने जैसी कार दिए हैं हमें महंगी कम से कम 20 लाख रुपए वाली कार चाहिए थी। यह कहकर मायके से रकम लाने की बात कह कर पीडि़ता को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताडि़त किया जाने लगा। परेशान होकर पीडि़ता विवाह के चार माह बाद ही मायके में आकर रहने लगी थी।
ससुराल वालों से परेशान होकर पीडि़ता ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।