दुर्ग
पानी के अभाव में पौधों की वृद्धि भी प्रभावित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 जुलाई। अल्प वृष्टि की वजह से जिले कई ग्रामों में बोता खेत में भी दरार पडऩा शुरू गया है। वहीं पानी के अभाव में पौधों की वृद्धि भी प्रभावित होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। कई किसान अब तक रोपा के लिए नर्सरी ही तैयार नहीं कर पा रहे हैं। वहीं जिनकी खेतों में नर्सरी तैयार हो गई है वे रोपाई का काम नहीं कर पा रहे हैं। पौधों की आयु के हिसाब से रोपाई एवं बियासी के काम पिछडऩे लगे हैं।
गत वर्ष आज की तिथि में रोपाई का कार्य गति पकड़ चुकी थी। जिले में 2822 हेक्टेयर में रोपाई का कार्य पूरा हो चुका है। इस बार कुल 33395 हेक्टेयर में रोपाई का लक्ष्य है। मगर अब तक मात्र 443 हेक्टेयर में ही रोपाई हो पाया है। अधिकांश किसान रोपाई शुरू नहीं कर पाए हैं। कृषक जालम पटेल का कहना है कि पौधा की आयु 20-25 दिन का होने पर रोपाई शुरू हो जाना चाहिए लेकिन कई किसानों के खेतों डाले गए नर्सरी के पौधे 30-35 दिन का हो जाने के बाद भी रोपाई शुरू नहीं हुआ है। जिनके खेत में बोर है वे भी रोपाई कार्य नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि बोर अब तक रिचार्ज नहीं हुआ है। धमधा क्षेत्र में अधिकांश ग्रामों में बोर आमनेर नदी में पानी आने पर होता है मगर अभी तक नदी सूखा है। धान के पौधे जिंदा बस है पानी के अभाव में इसमें वृद्धि नहीं हो पा रही है न किसान खाद डाल पा रहे हैं।
इसी प्रकार गत वर्ष आज की तिथि में नर्सरी तैयार करने का काम लगभग 98 प्रतिशत पूरा हो गया था। इस बार अभी भी 11 प्रतिशत नर्सरी अब तक तैयार नहीं हो पाया है। बोनी के लिए स्थिति अनुकूल होने की वजह से 82.35 प्रतिशत बोनी पूरी हो गई है, जबकि गत वर्ष आज की तिथि में 74 प्रतिशत ही बोनी हो पाई थी। ग्राम परसबोड़ निवासी कृषक दानेश्वर साहू का कहना है कि उन्होंने धान की बोनी तो कर लिया मगर कम बारिश की वजह से खेत में दरार पडऩा शुरु हो गया है जबकि गत वर्ष आज की तिथि में वे बियासी शुरु कर चुके थे। इस बार पौधे सिर्फ जिंदा है इसमें कोई वृद्धि नहीं हो पा रही है। उनका कहना है कि यदि विलंब से बारिश हुई तो पौधे की आयु अधिक होने के बाद रोपाई व बियासी करने पर पौधे का ग्रोथ सही नहीं होने से उत्पादन भी प्रभावित होगा।
गत वर्ष के मुकाबले 53 मिमी कम वर्षा
जिले में गत वर्ष आज की तिथि में 171.8 मिमी वर्षा हो चुकी थी जबकि इस बार अब तक मात्र 118 .6 मिमी ही वर्षा हो पाई है। वहीं आज की तिथि में सामान्य औसत वर्षा 200.9 मिमी है, जिसकी तुलना में इस बार 82.3 किमी कम बारिश हुई है। दुर्ग तहसील में आज तिथि में सामान्य वर्षा की तुलना में मात्र 36.8 प्रतिशत वर्षा हुई है। वहीं बोरी 40, धमधा 43 एवं भिलाई 3 तहसील में 39 प्रतिशत तक ही बारिश हुई है। इससे सहज अंदाज लगाया जा सकता है कि इन क्षेत्रों में बारिश की कमी की वजह से फसलों एवं खेती किसानी के कार्यों की क्या स्थिति होगी।