दुर्ग

इलेक्ट्रिक गोदाम में चोरी, सीसीटीवी में चोर कैद, जांच
08-Jul-2024 4:32 PM
 इलेक्ट्रिक गोदाम में चोरी, सीसीटीवी में चोर कैद, जांच

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 8 जुलाई। भिलाई स्मृति नगर क्षेत्र के माडल टाउन स्थित नेहरू नगर की एक इलेक्ट्रिक शाप के गोदाम में चोरी हो गई है।

दुकान संचालक कामेश कुमार की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 305 ए तथा 331 (3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।

सुपेला थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि माडल टाउन के मकान नंबर 422, सडक़-8 गोदाम में इलेक्ट्रिक सामान की चोरी हुई है। विगत शाम कामेश कुमार अपने गोदाम पहुंचे तो देखा कि गोदाम का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो कोई अज्ञात चोर गोदाम में रखे तांबे का तार, स्वीच बॉक्स, एसी बॉक्स एवं जरूरी समान बोरी में भर कर ले गया था। गोदाम में लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा गया तो 4 जुलाई की शाम करीबन साढ़े 4 बजे साजन बैरागी निवासी बाम्बे आवास नेहरू नगर चोरी करते दिख रहा है।

आरोपी साजन के खिलाफ पूर्व में भी कई अपराध दर्ज है। कामेश ने आरोपी की सीसीटीवी फुटेज देख पहचान साजन बैरागी के रूप में की है। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 30 हजार आंकी गई है।


अन्य पोस्ट