दुर्ग

दिनदहाड़े सूने मकान से जेवर, नगदी, मोबाइल चोरी
29-Jun-2024 6:35 PM
दिनदहाड़े सूने मकान से जेवर, नगदी, मोबाइल चोरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 29 जून।
स्टेशन मरौदा चौपाटी के पास दिनदहाड़े एक सूने मकान का चोरों ने बाकायदा ताला खोला और आलमारी में रखे आभूषण, कैश और मोबाइल चोरी कर निकल भागे। मकान मालकिन सुबह ही घर पर ताला लगा चाभी घर की खिडक़ी के पास रख काम पर चली गई थी। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।

नेवई पुलिस ने बताया कि स्टेशन मरौदा निवासी अंजू यादव की दोनों बेटियां गुरुवार की सुबह पौने 7 बजे स्कूल चली गयीं थीं। अंजू भी करीब 7.15 बजे घर में ताला लगाकर चाबी रोजाना की तरह खिडक़ी के पास रख कर चली गयी। 

दोपहर साढ़े 12 बजे अंजू की दोनों बेटियां स्कूल से घर पहुंचीं तो देखा कि ताला खुला है और चाभी खिडक़ी के पास रखी हुई है। घर के अंदर जाकर देखा तो आलमारी खुली थी और आलमारी की चाभी नीचे साईड में पड़ी थी। लड़कियों ने अपने चाचा गज्जू यादव को घटना की जानकारी दी और गज्जू ने अंजू को फोन कर बताया कि भाभी आपके घर में चोरी हो गई है। 

काम को छोडक़र तत्काल घर आई अंजू ने देखा कि आलमारी खुली थी तथा आलमारी में रखा दो जोड़ी सोने का टाप्स, दो एटीएम कार्ड और कैश 10 हजार रूपये, पलंग पर रखा मोबाईल अज्ञात चोर उठा ले गए। 

घटना की रिपोर्ट पर नेवई पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 380, 454 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना कर रही है।

 


अन्य पोस्ट