दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 19 जून। वैशाली नगर थानांतर्गत वार्ड 19 राजीव नगर क्षेत्र में एक युवक ने पड़ोसी घर के दरवाजे पर लात मार गाली गलौज की। वह ऐसा किस वजह से कर रहा है, पूछने गए पड़ोसी से युवक ने मारपीट करते हुए पड़ोसी का गाल दांत से काट दिया। रात में हुई इस घटना की रिपोर्ट पर वैशाली नगर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ धारा 294, 323, 506 के तहत कार्रवाई की है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रवि कुमार साव (30 वर्ष) निवासी राजीव नगर विजय मार्डन ब्रेड के पास वार्ड-19 ने वैशाली नगर पुलिस को बताया कि उसकी पड़ोस में रहने वाला पप्पू साव विगत रात्रि साढ़े 10 बजे उसके घर पर आकर दरवाजे पर लात मार गाली गलौज कर रहा था। सूचना पर वह सुपेला से घर आया और पप्पू से पूछने लगा कि उसने गाली दे दरवाजे को क्यों ठोका? सवाल सुनते ही पप्पू ने रवि को गाली देते हुए लड़ाई शुरू कर दी। उसने रवि को मारा और दातों से उसकी गर्दन को पकडऩा चाहा और गर्दन पकड़ में नहीं आई तो गाल को बुरी तरह से काटा घायल कर दिया। पड़ोस के लोगों ने बीच-बचाव कर रवि को पप्पू की चंगुल से छुड़ाया।