दुर्ग

बलौदाबाजार हिंसा, सीबीआई जांच की मांग
19-Jun-2024 7:22 PM
बलौदाबाजार हिंसा, सीबीआई जांच की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 जून।
बलौदाबाजार जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में हुए तोडफ़ोड़, आगजनी की घटना से प्रदेश भाजपा सरकार की सफलता और प्रशासन की लचर कानून व्यवस्था के विरोध में कांग्रेस द्वारा हिंदी भवन के सामने धरना प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा गया। धरना प्रदर्शन में प्रमुख रूप से पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे शामिल हुए। ज्ञापन में मामले की सीबीआई जांच कराने मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री को तत्काल पद से बर्खास्त करने की मांग की गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि बलौदा बाजार जिले के ग्राम महाकोनी में सतनामी समाज के आराध्य स्थल जैतखाम के अपमान और तोडफ़ोड़ के मामले में संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में सामाजिक संगठन द्वारा आयोजित रैली के दौरान उग्र प्रदर्शन और जन आक्रोश को रोकने में प्रशासन पूरी तरह से असफल रहा जिससे जिला कलेक्ट्रेट पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित अन्य परिसर में हुई आगजनी से सैकड़ों की संख्या में दो पहिया चार पहिया वाहन शासकीय संपत्ति को क्षति पहुंची है। प्रदेश की भाजपा सरकार की नाकामियों और लाचार कानून व्यवस्था में बलौदा बाजार में गत दिनों इस प्रकार की घटना हुई, जिसका परिणाम जिले के आमजन और निर्दोष  को भुगतने पर मजबूर होना पड़ रहा है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर धरना प्रदर्शन शासन का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है। 

महकोनी गांव में संत अमर दास की तपोभूमि के जैतखाम को तोडफ़ोड़ कर क्षति पहुंचने की घटना की सीबीआई जांच की जाए और उक्त घटना में संलिप्तआरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए निर्दोष लोगों को तत्काल रिहा किया जाए। प्रदेश में भाजपा की सरकार की नाकामियों लचर कानून व्यवस्था के कारण जिला मुख्यालय में हुए तोडफ़ोड़ की घटना के संबंध में भाजपा सरकार की सफलता का परिणाम है। अत: मुख्यमंत्री और गृह मंत्री को तत्काल पद से बर्खास्त किया जाए।

धरना प्रदर्शन जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण, दुर्ग शहर भिलाई जिला द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित था। जिसमें प्रमुख रूप से पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे, महापौर धीरज बाकलीवाल, नीरज पाल, निर्मल कोसरे, पूर्व मंत्री बीडी कुरैशी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेंद्र साहू, जितेंद्र साहू, आरएन वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष अल्ताफ अहमद, अजय मिश्रा, शहर अध्यक्ष गया पटेल, पूर्व महापौर शंकर लाल ताम्रकार, फतेह सिंह भाटिया, अयूब खान, पार्षद दीपक साहू, संजय कोहले, रत्ना नारमदेव, विशाल देशमुख, नंद कुमार सेन, बंटी हरमुख, मुकेश चंद्राकर,संदीप वोरा, राजेश यादव,परमजीत सिंह भुई, वायके सिंह, भगवती ठाकुर सहित भारी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट