दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 जून। हेमचंद यादव विवि, दुर्ग तथा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चरल बायोटेक्नॉलाजी (आईसीएआर), रांची के मध्य एमओयू शीघ्र हस्ताक्षरित किया जायेगा। इस एमओयू के अंतर्गत दोनों संस्थाओं में अध्ययनरत् स्नातकोत्तर विद्यार्थियों हेतु प्रशिक्षण तथा अकादमिक एवं शोध के क्षेत्र में एक्सचेंज गतिविधियां आयोजित की जायेगी। पूर्णत: छात्रहित में किये जाने वाले इस एमओयू से विवि में अध्ययनरत लगभग 50 से अधिक स्नातकोत्तर महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को सीधा लाभ पहुंचेगा। विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण,डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि इस संबंध में मंगलवार को विवि में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चरल बायोटेक्नॉलाजी, राची के ज्वाइंट डायरेक्टर, अकादमिक डॉ. किशोर कृश्नानी ने विवि की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा से विवि में भेंट कर एमओयू के विभिन्न बिन्दुओं पर विचार-विमर्श किया।
विवि की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा ने बताया कि इससे पूर्व विवि द्वारा राष्ट्रीय स्तर की 06 संस्थाओं से एमओयू किया गया है। जिसका सीधा लाभ विद्यार्थियों को मिल रहा है। डॉ. पल्टा ने कहा कि छत्तीसगढ़ अंचल में बायोटेक्नॉलाजी के क्षेत्र में शोध कार्य करने एवं आधुनिक उपकरणों के सीमित संस्थानों में उपलब्धता है। जिसके कारण अनेक प्रतिभाशाली स्नातकोत्तर विद्यार्थी एवं पीएचडी शोधार्थियों को कठिनाई का सामना करना पड़ता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए विभिन्न अकादमिक गतिविधियों के आयोजन, शोध कार्यों में पारस्परिक सामंजस्य एवं अंचल के शोधार्थियों को वर्तमान में कृषि क्षेत्र में चल रही नई रिसर्च से अवगत कराने हेतु यह एमओयू हस्ताक्षरित किये जाने का विवि प्रयास कर रहा है।
डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि जून माह में ही इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चरल बायोटेक्नॉलाजी, राची के डायरेक्टर अथवा ज्वाइंट डायरेक्टर तथा विवि के कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप द्वारा यह महत्वपूर्ण एमओयू हस्ताक्षरित किया जायेगा। इस एमओयू का सीधा लाभ बॉयोलाजी क्षेत्र में अध्ययनरत् स्नातकोत्तर विद्यार्थियों एवं पीएचडी शोधार्थियों को मिलेगा। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में विवि में जीव विज्ञान संकाय में लगभग 50 से अधिक शोधार्थी पीएचडी हेतु पंजीकृत है। पिछले माह विवि ने अभ्युदय संस्थान, अछोटी के साथ एमओयू किया था इसका सीधा लाभ शिक्षा संकाय के शोधार्थियों को मिल रहा है। डॉ. श्रीवास्तव के अनुसार विवि नये शैक्षणिक सत्र में अन्य महत्वपूर्ण संस्थाओं से छात्रहित में एमओयू करने की योजना बना रहा है।