दुर्ग
दुर्ग, 10 जून। भारती विश्वविद्यालय, दुर्ग ट्रेनिंग एण्ड प्लेसमेंट के तत्वधान में रोजगार मार्गदर्शन एवं कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर आई.बी. ग्रुप, राजनांदगांव द्वारा भारती विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों का प्लेसमेंट किया गया। इसमें विश्वविद्यालय के रसायन शास्त्र विभाग एवं माइक्रोबायोलॉजी विभाग के विद्यार्थियों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। छात्रों के मूल्यांकन के लिए कंपनी के प्रतिनिधियों के द्वारा दस्तावेज सत्यापन, लिखित परीक्षा और मौलिक साक्षात्कार आयोजित किया गया।
इस मूल्यांकन के आधार पर चयनित विद्यार्थियों को तत्काल जॉब ऑफर लेटर प्रदान किया गया। इस अवसर पर भारती विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुशील चंद्राकर, कुलपति डॉ. बी. एन. तिवारी, कुलसचिव डॉ. वीरेन्द्र कुमार स्वर्णकार ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। रसायन शास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रतिभा एस. कुरुप ने कंपनी के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इस रोजगार मार्गदर्शन एवं कैंपस प्लेसमेंट के आयोजन में रसायन शास्त्र एवं माइक्रोबायोलॉजी विभाग के समस्त शिक्षकों का पूर्ण सहयोग रहा।