दुर्ग

चुनाव बाद भिलाई में दौड़ा ‘बुलडोजर’
09-Jun-2024 8:24 PM
चुनाव बाद भिलाई में दौड़ा ‘बुलडोजर’

अतिक्रमणकारियों के अनावश्यक जाम से लोग थे परेशान

भारी पुलिस बल के साथ ढहा दिए गए अवैध कब्जे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 9 जून। शनिवार को भिलाई नगर निगम ने एक बार फिर सुपेला बाजार के अतिक्रमणकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। निगम की टीम तडक़े ही सुपेला चौक पर पहुंची और गदा चौक से लेकर सुपेला में बने नए अंडरब्रिज तक जितनी भी दुकानें सडक़ तक लगी थीं, सभी को हटा दिया है।

ज्ञात हो कि सुपेला का नया अंडरब्रिज शुरू होने के बाद भिलाई टाउन जाने वाला ट्रैफिक भी यहीं से गुजरता है। शाम के समय अधिक भीड़ होने से यहां भी अनावश्यक जाम की स्थिति बन जाती थी। कई बार तो एक्सीडेंट भी हुए हैं।  निगम आयुक्त देवेश कुमार ध्रुव ने इस समस्या पर संज्ञान लिया और अतिक्रमण निरोधक टीम को कार्रवाई के लिए भेजा। भिलाई नगर निगम के अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी के नेतृत्व में टीम शनिवार सुबह सुपेला पहुंची।

टीम ने गदा चौक से लेकर सुपेला अंडर ब्रिज तक जितनी भी दुकानें सडक़ तक लगी थीं या अवैध रूप से लगाई गई थीं, सभी को हटाया गया। इस दौरान निगम ने बुलडोजर चलाकर दुकानों का हटाया। निगम की इस कार्रवाई से लोग काफी खुश हैं। उनका कहना है कि यदि निगम इसी तरह अवैध दुकानों पर कार्रवाई करे तो यहां जाम की स्थिति निर्मित नहीं होगी।

गौरतलब हो कि निगम की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन निगम की टीम ने पहले ही पुलिस सुरक्षा मांगी थी। पुलिस की टीम भारी संख्या में कार्रवाई के दौरान मौजूद रही। इससे जिसने भी विरोध करने की कोशिश की, पुलिस ने उसे दबा दिया और सभी अतिक्रमण ढहा दिए गए हैं।

अपर आयुक्त अशोक  द्विवेदी ने  बताया नगर निगम भिलाई ने नोटिस दिया, चालानी कार्रवाई की, फिर भी लोग नहीं माने, हमें आवागमन को दुरुस्त करने के लिए यह अभियान चलाना पड़ा, इसके बाद भी नहीं मानेंगे तो विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए इनको इनके  अनुज्ञप्ति लाइसेंस,  गुमास्ता लाइसेंस भी निरस्त कर दिया जाएगा।

 इसी दौरान लक्ष्मी नगर निवासी सावित्रीबाई साहू ने बताया-  रविवार का दिन था ,मैं अपनी बहू को डिलीवरी के लिए  एंबुलेंस में ले जा रही थी, वह दर्द से छटपटा रही थी। मस्जिद वाले चौक के पास जाम में एम्बुलेंस फंस गई। मेरी तो बीपी बढ़ गई अब क्या होगा, बड़ी मुश्किल से हम लोग अस्पताल पहुंच पाए। कार्रवाई बहुत अच्छे ढंग से हो रही है सब कुछ साफ करवा दीजिए।  कार्रवाई में पुलिस प्रशासन एवं स्थानीय निवासी भी सहयोगी थे। आने-जाने वाले लोग भी रुक कर इसकी सराहना कर रहे थे।


अन्य पोस्ट