दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 जून। देयकों एवं मासिक लेखे का प्रस्तुतीकरण जल्द ही पेपरलेस हो जाएगा कोषालयों में 1 जुलाई से देयकों एवं मासिक लेखे का अनिवार्य रूप से आनलाइन प्रस्तुतीकरण किया जाना है वित्त विभाग ने देयकों का ई -बिल के रूप में प्रस्तुतीकरण किए जाने निर्देश जारी किया
जिला कोषालय अधिकारी राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि राज्य के सभी कोषालय में देयकों का ई-बिल के रूप में वर्ष 2014 से ऑनलाईन प्रस्तुतीकरण किये जाने के निर्देश जारी किये गये हैं। वर्तमान में राज्य के सभी कोषालयों में आहरण एवं संवितरण अधिकारियों द्वारा ऑनलाईन तथा ऑफलाईन दोनों माध्यमों से देयकों का प्रस्तुतीकरण किया जा रहा है। लेकिन कुछ कारणों से यह प्रक्रिया सभी प्रकार के देयकों पर लागू नहीं हो पाई। वर्ष 2022 में आनलाइन वेतन देयकों को डीएससी के साथ प्रस्तुत करने पायलट के रूप में इन्द्रावती कोषालय को चिन्हित किया गया इस प्रक्रिया को क्रमश: आगे बढ़ाते हुए अप्रैल 2024 से सभी प्रकार के देयकों को राज्य के सभी कोषालयों में आनलाइन डिजिटल हस्ताक्षर युक्त भेजे जाने की व्यवस्था लागू की गयी। कुछ अपवादों को छोडक़र सभी कोषालयों में आफ लाइन तथा आनलाइन दोनों माध्यमों से देयकों का प्रस्तुतीकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य शासन द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि जुलाई, 2024 से सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों ( सेल्फ डीडीओ को छोडक़र) राज्य के सभी कोषालय में देयकों का प्रस्तुतीकरण सिर्फ ऑनलाईन माध्यम से किया जाये साथ ही कोषालयों द्वारा महालेखाकार को भेजे जाने वाले मासिक लेखे को ई-लेखे के रूप में भेजा जावे।
जानकारी के अनुसार इस प्रक्रिया के सुचारू रूप से संचालन हेतु यह आवश्यक है कि सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों के पास नेटवर्क की सही स्पीड, देयकों के साथ अपलोड किये जाने वाले दस्तावेज की स्केनिंग करने हेतु समुचित क्षमता वाला स्केनर तथा अन्य आवश्यक इलेक्ट्रानिक सामग्री उपलब्धता जरूरी है। साथ ही वैध डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट ( डीएससी) भी आवश्यक होगा। इस व्यवस्था को लागू करने हेतु सभी विभागों को अधीनस्थ कार्यालयों में समुचित व्यवस्था किया जाना सुनिश्चित करने कहा गया है क्योंकि राज्य के सभी कोषालयों में पेपरलेस माध्यम से देयकों का प्रस्तुतीकरण तथा महालेखाकार कार्यालय को पेपरलेस मासिक लेखे भेजे जाने की प्रक्रिया1 जुलाई से प्रारंभ की जानी है।
प्रक्रिया शुरू होने पर आहरण एवं संवितरण अधिकारी द्वारा ई कोष सॉफ्टवेयर में ई पेरोल तथा ई बिल माड्यूल में आनलाइन माध्यम से देयक तैयार किये जायेंगे तथा डीएससी का उपयोग करने के बाद देयकों को कोषालय को अग्रेषित किया जाएगा। हर माह कई बोरे प्राप्त होता है देयकों एवं मासिक लेखे के दस्तावेज जानकारी के अनुसार हर माह जिला कोषालय को आफ लाइन प्राप्त देयकों के दस्तावेज कई बोरे निकलते हैं। इसी प्रकार महालेखाकार प्रस्तुत मासिक लेखे के दस्तावेज कई बोरे होते हैं इसे रखने के लिए बहुत ज्यादा जगह की जरूरत होती है वहीं भारी मात्रा में कागज की जरूरत पड़ती है जिसकी बचत होगी जिला कोषालय अधिकारी राघवेन्द्र सिंह का कहना है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद सिर्फ रिकार्ड कीपिंग के लिए कागज के रूप दस्तावेज रहेंगे।