दुर्ग
30 तोला सोना और नगदी दम्पत्ति को बंधक बना ले गए डकैत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 9 जून। दुर्ग जिले में अंजोरा थाना क्षेत्र के रसमड़ा गांव में टिम्बर व्यवसायी के घर देर रात डकैती की वारदात हुई है। डकैतों ने घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाया और फिर 30 तोला सोने के जेवर और 25 हजार रुपए कैश लूटकर भाग निकले। घर के समीप सीसीटीवी कैमरे ने डकैतों की आवाजाही कैद कर ली है।
मिली जानकारी के अनुसार रसमड़ा निवासी व्यापारी दिलीप मिश्रा और उनकी पत्नी किरण शुक्रवार की रात घर में खाना खाकर सो रहे थे, तभी देर रात करीब 3 बजे पांच बदमाशों ने उनके घर में धावा बोल दिया।
आरोपी बाउंड्रीवाल फांदकर अंदर आए और पीछे का दरवाजा तोडक़र घर में घुसने के बाद सो रहे मिश्रा दम्पत्ति को एक चुनरी और रस्सी से बंधक बनाए रखा और इस दौरान घर में कीमती सामान ढूंढने लगे। आरोपियों ने वहां से 30 तोला सोने के जेवर, 25 हजार रुपए नगद और दोनों के मोबाइल लूटकर समेटे और निकल भागे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की क्राइम डीएसपी हेम प्रकाश नायक के नेतृत्व में क्राइम और अंजोरा चौकी की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में फिलहाल एक सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगा है, जिसमें पांच बदमाश हाथों में डंडा और हथियार लिए घर में घुसते दिखाई दे रहे हैं।
आरोपियों ने घटना को अंजाम देने के बाद मिश्रा दम्पत्ति का दोनों मोबाइल भी साथ ले गए। जिसमें से एक मोबाइल घर के बाहर फेंका और दूसरा मोबाइल रसमड़ा पुलिया के पास पुलिस ने जब ट्रेक किया तो बरामद हुआ है। घटना के समय मिश्रा दम्पत्ति घर में अकेले ही थे, उनका एक बेटा अन्य राज्य में हायर स्टडी के लिए गया हुआ है।