दुर्ग

बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चालकों को नहीं मिला पेट्रोल
08-Jun-2024 4:32 PM
बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चालकों को नहीं मिला पेट्रोल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 8 जून। बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चालकों को शुक्रवार से बीएसपी टाउनशिप के पंपों पर भी पेट्रोल नहीं दिया गया है। ट्रेफिक पुलिस की पहल पर टाउनशिप के दायरे में संचालित 11 निजी पेट्रोल पंपों पर भी इस नियम को लागू कर दिया गया है। महीने भर पहले दुर्ग जिले में पुलिस विभाग द्वारा संचालित तीन पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट दुपहिया और बिना सीट बेल्ट चारपहिया चलाने वालों को इंधन की आपूर्ति रोक दी गई है। ट्रेफिक पुलिस द्वारा आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्र के निजी पेट्रोल पंप संचालकों को विश्वास में लेकर इस नियम का विस्तार किया जाएगा सडक़ हादसों में होने वाली मौत के आंकड़ों को नियंत्रित करने दुर्ग पुलिस का प्रयास लगातार जारी है।

भिलाई टाउनशिप के सभी 11 निजी पेट्रोल पंपों पर एक साथ बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं देने के निर्णय को लागू कर दिया गया है। नियम को लागू करने के पहले दिन ट्रेफिक डीएसपी सतीश ठाकुर अपनी टीम के साथ टाउनशिप के अलग-अलग पेट्रोल पंपों पर जाकर दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट तथा चारपहिया वाहन से आने वालों को सीट बेल्ट अपनाने के प्रति जागरूक करने में लगे रहे।

ट्रेफिक डीएसपी सतीश ठाकुर ने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा संचालित तीन पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाले वाहन चालकों को पेट्रोल व डीजल नहीं दिए जाने का निर्णय लागू होने से सडक़ दुघर्टना में होने वाली मौत के आंकड़े में पिछले साल के मुकाबले 10 प्रतिशत की कमी आई है।

अब जब भिलाई टाउनशिप के 11 निजी पेट्रोल पंपों पर इस नियम को लागू करने का तालमेल बना है, तो आने वाले दिनों में इसका सकारात्मक परिणाम प्राप्त होगा उन्होंने कहा कि सभी दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनना चाहिए वहीं चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट अपनाने में लापरवाही बरतने की भूल न करें। यह उनकी सुरक्षा से जुड़ा है। ट्रैफिक पुलिस की टीम लगातार हेलमेट और सीट बेल्ट को लेकर वाहन चालकों को जागरूक कर रही है। इसके लिए चालानी कार्रवाई भी किया जा रहा है आने वाले दिनों में शहर के अन्य निजी पेट्रोल पंप संचालकों से बात कर इस नियम को लागू कराया जाएगा।


अन्य पोस्ट