दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 जून। भारती विवि, दुर्ग में ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति एन.ई.पी.-2020’ पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस अवसर पर विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए और एनईपी-2020 से जुड़े प्रावधानों को समझाया।
रिसोर्स पर्सन डॉ. जगजीत कौर सलूजा, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष भौतिकी विभाग, शासकीय वी.वाय. टी स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग ने अपने उद्बोधन में एनईपी की स्कीम को विस्तार से समझाया। उन्होंने पीपीटी प्रजेंटेशन के माध्यम से जेनेरिक इलेक्टिव, डिसिप्लिन स्पेस्फिक इलेक्टिव, एबिलिटी इनहांसमेंट कोर्स, स्किल इनहांसमेंट कोर्स इत्यादि के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने प्रतिभागी प्राध्यापकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के भी उत्तर दिए।
रिसोर्स पर्सन डॉ. जी.ए. घनश्याम, ओएसडी राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, छत्तीसगढ़ शासन ने ‘ट्रांसफार्म इंडिया एज विकसित भारत थ्रू एनईपी-2020’ विषय पर अपना व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा एनईपी का उद्देश्य है कि विद्यार्थियों को ऐसी शिक्षा दी जाए जिससे वे बौद्धिक और नैतिक रुप से सशक्त बनें। विकसित भारत की संकल्पना पर उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए ज्ञान, चेतना और भावनाएं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज शिक्षकों को ज्यादा अपडेट और अपग्रेड रहने की आवश्यकता है।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में भारती विवि के कुलपति डॉ. बी.एन. तिवारी ने कहा कि शिक्षा जीवन मूल्यों पर आधारित हो, सम्पूर्ण और समग्र हो, इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति को तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि एनईपी में शिक्षक विद्यार्थियों के मेंटर की भूमिका में होंगे और विद्यार्थियों की शैक्षणिक, सामाजिक और पारिवारिक समस्याओं का समाधान करेंगे।
इस अवसर पर डायरेक्टर अकादमिक डॉ. आर.एन. सिंह ने इस कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सत्र 2024-25 से एनईपी पूरे प्रदेश में लागू होगी इसलिए शिक्षकों को इसका पूरा ज्ञान होना बहुत आवश्यक है। आरंभ में डीन अकादमिक डॉ. आलोक भट्ट ने अतिथियों का स्वागत किया। विवि के कुलाधिपति सुशील चन्द्राकर ने कार्यशाला की सफलता पर सभी को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजश्री नायडू, विभागाध्यक्ष, अंग्रेजी विभाग ने किया और धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव डॉ. वीरेन्द्र कुमार स्वर्णकार ने किया। तकनीकी सहयोग डॉ. चांदनी अफसाना और डॉ. समन सिद्धिकी ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. निशा गोस्वामी, डॉ. स्वाती पाण्डेय और डॉ. गुरु सरन लाल का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण व प्रतिभागी उपस्थित थे।